नई दिल्ली: ओडिशा के गंजम जिले में एक मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शाम की आरती के लिए कपाट खोलते ही पुजारी के सामने करीब 12 फीट लंबा किंग कोबरा फन फैलाए नजर आया। मंदिर के अंदर इतने विशाल सांप को देखकर पुजारी घबरा गए, लेकिन उन्होंने समझदारी दिखाते हुए तुरंत खुद को उससे दूर कर लिया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। वहीं अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा है।
कपाट खुलते ही दिखा विशाल किंग कोबरा
सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला गंजम जिले के रतनेई मंदिर का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है बुधवार शाम पुजारी रोज की तरह पूजा और आरती की तैयारी के लिए मंदिर पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने मंदिर का दरवाजा खोला, उनकी नजर अंदर मौजूद विशालकाय किंग कोबरा पर पड़ी, जहां सांप फन फैलाए मंदिर के अंदर बैठा था।
इस दौरान स्थिति को देखते हुए पुजारी ने मंदिर में जाने के बजाय तुरंत पीछे हटना बेहतर समझा। इसके बाद उन्होंने चिकिटी वन विभाग को इसकी जानकारी दी और सूचना मिलते ही स्थानीय स्नेक हेल्पलाइन की टीम को मौके पर भेजा गया।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
इतने बड़े और जहरीले सांप को मंदिर से सुरक्षित बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए आसान नहीं था। हालांकि करीब एक घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने एक दिलचस्प नजारा भी देखा। बताया जा रहा है कि मंदिर में ढोल बजाया गया तो सांप कुछ देर के लिए शांत और स्थिर हो गया। उसका यह व्यवहार वहां मौजूद लोगों के लिए हैरान करने वाला था।
दूर जंगल में छोड़ा गया कोबरा
रेस्क्यू के बाद किंग कोबरा को आबादी वाले इलाके से दूर जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया। वहीं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद लोग इस विशाल सांप और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर चर्चा कर रहे हैं। साथ ही वन विभाग और रेस्क्यू टीम की सूझबूझ से सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा दिया गया।












