आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस के इंजन समेत 3 डिब्बे पटरी से उतरे

0
8
Mahananda Express 3 Coaches Derail
Mahananda Express 3 Coaches Derail

पटना: बिहार के आरा में रविवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. आरा रेलवे स्टेशन के पास अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस (15483) के तीन हिस्से पटरी से उतर गए. हादसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से करीब 200 मीटर दूर अप लाइन पर हुआ. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.

इंजन समेत तीन कोच हुए डिरेल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच पटरी से उतर गए. घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं मरम्मत का काम शुरू किया.

बताया जा रहा है कि ट्रेन को नई दिल्ली की ओर जाना था, लेकिन वह कथित तौर पर सासाराम रूट की दिशा में चली गई. स्टेशन मास्टर की नजर इस पर पड़ने के बाद लोको पायलट को इसकी जानकारी दी गई. ट्रेन को सही दिशा में वापस लाने की कोशिश के दौरान इंजन और दो कोच पटरी से उतर गए.

तीनों कोच को वापस ट्रैक पर चढ़ाया गया

हादसे के बाद रेलवे की टीम ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया. पटरी से उतरे तीनों हिस्सों को दोबारा ट्रैक पर लाने का काम किया गया. वहीं, तकनीकी विशेषज्ञों ने ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच भी शुरू कर दी है. घटना के चलते रेल परिचालन पर भी असर पड़ने की जानकारी सामने आई है. रेलवे की टीमें जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य करने में जुटी हैं.

सिग्नल की भी होगी जांच

अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई और सिग्नल व्यवस्था में किसी तरह की गड़बड़ी थी या नहीं. फिलहाल हादसे की वजह को लेकर अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण और इसके लिए जिम्मेदारी तय हो सकेगी. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल पर निगरानी और तकनीकी जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here