सारा अली खान की नानी का वो विवादित चेहरा, जब जबरन नसबंदी और तुर्कमान गेट कांड से दहला था दिल्ली

0
11

नई दिल्ली: बात साल 1975 की है। देश में इमरजेंसी लगी थी। उस दौर की कई कहानियां इतिहास में दर्ज हैं, लेकिन कुछ किस्से ऐसे भी हैं जो समय के साथ धुंधले पड़ गए। ऐसा ही एक किस्सा पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी ने सुनाया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। यह कहानी है दिल्ली में खौफ का दूसरा नाम बन चुकीं रुखसाना सुल्ताना और संजय गांधी की।

कौन थीं रुखसाना सुल्ताना?

आज की पीढ़ी इस नाम से ज्यादा वाकिफ नहीं होगी, लेकिन फिल्मी दुनिया से इनका गहरा रिश्ता है। रुखसाना सुल्ताना मशहूर अभिनेत्री अमृता सिंह की मां और सारा अली खान की नानी थीं। रसूखदार घराने से ताल्लुक रखने वाली रुखसाना उन दिनों अपने बड़े-बड़े चश्मों, महंगी साड़ियों और ऊंची हील वाली सैंडिल के लिए पहचानी जाती थीं।

पुरानी दिल्ली में शुरू हुआ नसबंदी अभियान

शाहिद सिद्दीकी के मुताबिक, इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी ने आबादी घटाने के लिए नसबंदी का बड़ा अभियान शुरू किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात रुखसाना से हुई। रुखसाना ने जिद पकड़ ली कि वह मुस्लिम बहुल इलाके जामा मस्जिद और तुर्कमान गेट में जाकर लोगों को नसबंदी के लिए मनाएंगी। संजय गांधी ने उन्हें इजाजत दे दी।

रुखसाना जब पुरानी दिल्ली की तंग गलियों में हील्स की आवाज के साथ निकलती थीं, तो उनके पीछे लड़कों की एक टोली चलती थी। आरोप है कि रुखसाना ने उन लड़कों को लालच दिया कि जो जितने ज्यादा नसबंदी के केस लाएगा, उसे उतना इनाम मिलेगा।

इसके बाद पैसों के चक्कर में जबरदस्ती का दौर शुरू हो गया। कभी किसी बारात से बारातियों को उठा लिया जाता, तो कभी किसी गरीब रिक्शेवाले को पकड़कर जबरन नसबंदी करा दी जाती। संजय गांधी को लगता रहा कि रुखसाना बहुत अच्छा काम कर रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही थी।

चल गए बुलडोजर

सिद्दीकी ने उस घटना का भी जिक्र किया, जिसने तुर्कमान गेट को उजाड़ दिया। बताया जाता है कि इलाके के कुछ लड़कों ने शर्त लगाई कि जो रुखसाना को छेड़ेगा, उसे 100 रुपये का इनाम मिलेगा। लड़कों ने रुखसाना और संजय गांधी के काफिले के साथ बदतमीजी कर दी। इससे संजय गांधी बेहद नाराज हो गए। गुस्से में उन्होंने आदेश दे दिया कि तुर्कमान गेट से लेकर जामा मस्जिद तक का इलाका साफ कर दिया जाए। उस वक्त दिल्ली विकास प्राधिकरण के मुखिया जगमोहन थे। आदेश मिलते ही तुर्कमान गेट पर बुलडोजर चलने लगे। देखते ही देखते पूरा इलाका मलबे में बदल गया।

यह घटना इमरजेंसी के सबसे काले और बदनाम अध्यायों में गिनी जाती है। आज सारा अली खान को लोग उनके अभिनय के लिए जानते हैं, लेकिन पुरानी दिल्ली के लोग आज भी उनकी नानी के उस दौर को नहीं भूले हैं, जब एक जिद ने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here