नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार को राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक इलाके में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस को आग की कॉल मिली थी, जिसके बाद टीम भेजी गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि नॉर्थ ब्लॉक की एक बिल्डिंग की छत पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। वहां वेल्डिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे छत पर लगे AC बॉयलर में आग लग गई।
फायर डिपार्टमेंट ने बयान जारी कर कहा, “नॉर्थ ब्लॉक की छत पर लगे AC बॉयलर में आग लगी थी। वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी शॉर्ट सर्किट से आग फैल गई। स्थिति पर अब काबू पा लिया गया है।”
शिवसेना सांसद ने शेयर की तस्वीर
जब आग लगी, तब शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा संसद जा रहे थे। उन्होंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से उठता घना धुआं देखा। देवड़ा ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर इसकी तस्वीर भी शेयर की, जिसमें एक जगह से धुआं निकलता साफ दिख रहा है। उन्होंने लिखा, “संसद जाते समय मैंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठते देखा। ऐसा लगता है कि आग लग गई है। उम्मीद है कि सब सुरक्षित हैं और इमरजेंसी सर्विस तेजी से काम कर रही है।”
🚨 BIG BREAKING हिटलर अपना इतिहास लिख रहा है Reports of a fire at Delhi’s North Block, which houses offices of the Finance Ministry and the Home Ministry. More details awaited. 🐟 🐠 https://t.co/T0SgliGTsU
— Arun kumar (@akcomment) October 26, 2026
पहले भी लग चुकी संसद के पास आग
संसद परिसर के आसपास आग लगना बहुत कम होता है। इससे पहले मई 2022 में सेंट्रल दिल्ली में नई संसद बिल्डिंग के निर्माण के दौरान मामूली आग लगी थी। तब एक सेफ्टी नेट में आग लगी थी, जिसे बुझाने के लिए पांच फायर टेंडर भेजे गए थे। संसद के अंदर मौजूद फायर स्टाफ ने दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया था।
इसी तरह सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में मजदूरों के लिए बनाए गए तीन अस्थायी शेल्टरों में भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। गनीमत रही कि इस बार भी आग छोटी थी और समय रहते बुझा दी गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।












