चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने किसान नेता अजमेर सिंह लखोवाल के शिरोमणि अकाली दल (बादल) को समर्थन देने के ऐलान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पन्नू ने उनके इस फैसले को मौकापरस्ती करार देते हुए कहा कि इससे पंजाब के किसानों के सामने उनकी राजनीति का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।
2007 से 2017 तक किसानों के लिए क्या किया?
बलतेज पन्नू ने कहा कि अजमेर सिंह लखोवाल 2007 से 2017 तक अकाली दल की सरकार के दौरान मंडी बोर्ड के चेयरमैन रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि अपने दस साल के कार्यकाल में लखोवाल ने किसानों के हितों और उनकी समस्याओं के लिए क्या किया? पन्नू के मुताबिक, उस दौरान किसानों के मुद्दों पर उनके काम का कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भी सत्ता का सुख भोगने के लिए अंदरूनी समझौता किया गया था।
किसान आंदोलन में बेटे को आगे करने का लगाया आरोप
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए आप नेता ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत में ही लखोवाल को किसानों के बीच अपनी साख का अंदाजा हो गया था। इसी वजह से उन्होंने खुद सामने आने के बजाय अपने बेटे को आगे किया और संगठन को आंदोलन से जोड़ा। पन्नू ने तंज कसते हुए कहा कि कई साल तक पर्दे के पीछे रहने वाले लखोवाल अब राजनीतिक पार्टी को समर्थन देने के मामले में खुद खुलकर सामने आ गए हैं।
लखोवाल से किसानों के हित में किए कामों का मांगा हिसाब
बलतेज पन्नू ने अजमेर सिंह लखोवाल को चुनौती दी कि वे स्पष्ट करें कि अकाली दल की सरकार के दौरान 2007 से 2017 के बीच उन्होंने किसानों के लिए क्या किया था और अब किसानों के लिए उनसे क्या उम्मीद की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान अब लखोवाल की रणनीति और उनके राजनीतिक कदमों के पीछे के हितों को समझ चुके हैं।












