'रिजीम चेंज' पर रवि किशन की विपक्ष को दोटूक, बोले- चुनाव लड़ो और जनता का भरोसा जीतो

0
8

पटना: पटना में भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने ‘रिजीम चेंज’ को लेकर चल रही बहस पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को सरकार बदलनी है तो उसे चुनावी मैदान में उतरकर जनता का भरोसा जीतना होगा। जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है, इसलिए सत्ता परिवर्तन का फैसला भी जनता ही करेगी।

रवि किशन ने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते विपक्ष अब देश का विरोध करने लगा है। लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे बड़ा होता है और विपक्ष को यह समझना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष आखिर देश के लिए क्या करना चाहता है और उसका प्लान क्या है।

प्रशांत किशोर और ध्रुव राठी पर साधा निशाना

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी, प्रशांत किशोर और यूट्यूबर ध्रुव राठी का नाम लेते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष की मंशा समझ चुकी है और भारत का युवा विकास के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और आर्थिक प्रगति हुई है। अगर विपक्ष को मोदी से मुकाबला करना है तो उसे जनता के बीच जाकर समर्थन हासिल करना होगा, बयानबाजी से काम नहीं चलेगा।

क्यों गरमाया है ‘रिजीम चेंज’ का मुद्दा?

‘रिजीम चेंज’ का मतलब सत्ता या सरकार में बदलाव होता है। हाल ही में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच यह मुद्दा गरमाया है। दरअसल गुरुवार को वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ असंतोष जताना अपराध नहीं है। उन्होंने कहा था कि मौजूदा लड़ाई अब रिजीम चेंज के लिए है। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर सख्ती और हिंसा ऐसे ही जारी रही तो रिजीम चेंज जरूर होगा। इसके अलावा छात्र नेता नेहा बोरा ने बांग्लादेश के युवा आंदोलन का जिक्र किया था, जिसके बाद इस पर सियासत और तेज हो गई।

भाजपा का पलटवार, चुनाव को बताया एकमात्र रास्ता

भूषण के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार बदलने का एक ही रास्ता है और वो है चुनाव। इसी बीच रवि किशन ने विपक्ष को चुनौती दी है कि वह चुनाव लड़कर अपनी ताकत दिखाए। विपक्ष का कहना है कि चुनाव के जरिए सरकार बदलने की मांग करना लोकतंत्र का हिस्सा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here