यूनानी इलाज के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खेल बेनकाब, 12 आरोपी गिरफ्तार, 40 मोबाइल, तीन लैपटॉप और छह फर्जी मुहरें बरामद

0
11

नई दिल्ली: यूनानी चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले संगठित गिरोह का दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने पर्दाफाश किया है। पितमपुरा के शिवाजी मार्केट स्थित एक अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पर आरोप है कि वह चोरी किए गए ग्राहकों के गोपनीय डाटा के जरिए लोगों को फोन करता था और खुद को डॉक्टर बताकर दवाइयां खरीदने के लिए बरगलाता था।

जांच में सामने आया कि आरोपी एमडीएल नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड/नेचुरल यूनानी हेल्थ केयर के नाम पर अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे। गिरोह ने कथित तौर पर अतिया हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और उसकी वितरक कंपनी का गोपनीय ग्राहक डाटा बिना अनुमति हासिल किया था। इसी डाटा के आधार पर टेली-कॉलिंग एजेंट ग्राहकों को फोन कर फर्जी तरीके से दवाइयों के ऑर्डर तैयार करते थे। छापेमारी के दौरान संदिग्ध दवाइयां और कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी मिले।

ऐसे बंटा था ठगी का पूरा नेटवर्क

पुलिस उपायुक्त आईएफएसओ गौरव त्यागी ने बताया कि पंकज कॉल सेंटर का टीम लीडर था जो फरार सरगना लतीफ और ज्योति के निर्देशों पर रोजाना का काम संभालता था। मोंटी के जिम्मे नकदी, तिजोरी और दवाइयों के स्टॉक का प्रबंधन था जबकि सूरज हिसाब-किताब और वित्तीय लेनदेन देखता था। अंकित टेली-कॉलिंग एजेंटों को प्रशिक्षण देने और उनकी निगरानी का काम करता था। बाकी आरोपी चोरी के डाटा से ग्राहकों को फोन करने और फर्जी ऑर्डर तैयार करने में कथित रूप से शामिल थे।

डिजिटल सबूतों का जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और छह फर्जी मुहरें बरामद की हैं। लैपटॉप में ग्राहकों का गोपनीय डाटा और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

इन 12 आरोपियों पर शिकंजा

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज (30), मुनीर (21), अमित तिवारी (21), विवेक (24), शिवम मंडल (21), समीर कुमार (21), अंशु (21), साहिद (21), ईशांत (21), मोंटी (26), अंकित (29) और सूरज (30) शामिल हैं। पुलिस अब फरार सरगना लतीफ और ज्योति की तलाश के साथ चोरी के ग्राहक डाटा के स्रोत और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।

इनकी रही अहम भूमिका

आईएफएसओ की टीम ने हेड कांस्टेबल सुरेश और हेड कांस्टेबल लोहित से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। छापेमारी करने वाली टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक सचिन देव डांगी ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल कपिल और विशेष प्रकोष्ठ के हेड कांस्टेबल गोल्डी खत्री शामिल रहे। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त मनोज कुमार मिश्रा और पुलिस उपायुक्त आईएफएसओ गौरव त्यागी के निर्देशन एवं निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क फरार आरोपियों और चोरी किए गए ग्राहक डाटा के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here