
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर वर्षभर चलने वाले राज्य स्तरीय समारोहों की औपचारिक शुरुआत कर दी है. इसी के साथ वर्ष 2027 में मनाए जाने वाले ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारियों का भी आगाज़ हो गया है. इस कड़ी में तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय समागम का शुभारंभ पूर्ण धार्मिक मर्यादा और श्रद्धा के वातावरण में किया गया.
649वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस समागम की शुरुआत श्री अखंड साहिब जी के पाठ से हुई, जो 6 फरवरी तक चलेगा और उसी दिन भोग डाले जाएंगे. समागम के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान श्री खुरालगढ़ साहिब में मत्था टेककर श्री गुरु रविदास जी महाराज से प्रदेश में शांति, समृद्धि, सद्भाव और भाईचारे की कामना करेंगे.
इस पावन अवसर पर तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब से संत केवल सिंह, प्रधान श्री गुरु साधु संप्रदाय सोसायटी पंजाब संत निर्मल दास जी जौड़े वाले, राष्ट्रीय अध्यक्ष आदि धर्म मिशन संत सतविंदर हीरा, संत दयाल नाथ समुंदड़ा, संत जगीर सिंह नंदाचौर, धाम चानण पुरी सहौड़ा से संत धर्मपाल, तग्गड़ बराड़ा से बलकार सिंह, शेरपुर ढक्कों से संत रमेश दास, गांव चेता से संत मनप्रीत दास, ढिंगरियां से संत बलवंत सिंह, पंडोरी लध्धां से सतनाम सिंह, बसी मरुफ़ से संत कुलदीप सिंह सहित विभिन्न संत समाजों की गरिमामयी उपस्थिति रही.
समागम के पहले दिन कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुणप्रीत सिंह सौंद, हरजोत सिंह बैंस, डॉ. रवजोत सिंह और लाल चंद कटारुचक्क, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रौड़ी, चेयरमैन पंजाब एससी कमीशन जसवीर गढ़ी, विधायक डॉ. ईशांक कुमार, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गुरु चरणों में शीश नवाया.
गुरु चरणों में हाजिरी के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री पंजाब हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वर्ष 2027 में श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व ऐतिहासिक और भव्य स्तर पर मनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने 649वें प्रकाश पर्व से ही 4 फरवरी से पूरे वर्ष चलने वाले समागमों की श्रृंखला शुरू की है. उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. इसके तहत प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित कराया जाएगा.
डिप्टी स्पीकर पंजाब विधानसभा जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने श्री खुरालगढ़ साहिब के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां आयोजित समागम सामाजिक एकता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन और उनकी वाणी समाज को समानता, प्रेम और मानव कल्याण का संदेश देती है.
कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने बताया कि 650वें प्रकाश पर्व को लेकर पंजाब सरकार वर्षभर समागमों की श्रृंखला चला रही है और संगत की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं.
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन संघर्ष, तपस्या और मानव कल्याण का प्रतीक है. उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही मार्ग दिखाने का कार्य करती हैं. वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश दिया, जो आज के समय में और भी प्रासंगिक है.
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक्क ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के अनुरूप समाज में समरसता, भाईचारे और समान अवसरों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है.
इस अवसर पर चेयरमैन पंजाब एससी कमीशन डॉ. जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक न्याय, समानता और मानव कल्याण की सशक्त प्रेरणा हैं. विधायक चब्बेवाल डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब में आयोजित यह समागम संगत के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है और ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है.
समागम में अध्यक्ष एससी विंग पंजाब गुरप्रीत सिंह जी.पी., डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव तिवाड़ी, एसएसपी संदीप कुमार मलिक, विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. सभी ने गुरु महाराज जी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की शांति, खुशहाली और तरक्की की कामना की.














