आसमान से दिखा साइक्लोन अर्नब का खौफनाक मंजर, भारत पर मंडराया तूफान का खतरा, मौसम विभाग अलर्ट

0
8

नई दिल्ली: चक्रवात अर्नब ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर लैंडफॉल पूरा कर लिया। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान ने 28 अक्टूबर को रात 2 बजे से सुबह 8 बजे के बीच तट पार किया। इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि तेज झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गए।

लैंडफॉल के समय तूफान का केंद्र नरसापुर से करीब 20 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व, यानम से 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और काकीनाडा से 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। तट से टकराने के बाद तूफान का केंद्र जमीन के अंदर दाखिल हो गया और अब आगे बढ़ रहा है।

सैटेलाइट तस्वीर में क्या दिखा?

भारत के मौसम सैटेलाइट INSAT-3DS ने बुधवार सुबह 9:30 से 9:57 बजे के बीच तूफान की तस्वीर ली। इसमें अर्नब के बादलों का बड़ा घेरा साफ नजर आया। बादल सिर्फ केंद्र तक सीमित नहीं थे, बल्कि बंगाल की खाड़ी से लेकर पूर्वी और दक्षिणी भारत के बड़े हिस्से तक फैले हुए दिखे। तस्वीर में चमकीले सफेद बादल ऊंचाई पर मौजूद घने और ठंडे बादलों को दिखा रहे हैं। ऐसे बादल अक्सर तेज बारिश और गरज-चमक का संकेत देते हैं। घुमावदार पट्टियां बता रही हैं कि तूफान के आसपास हवाएं किस तरह घूम रही हैं।

वैज्ञानिकों का कहना है कि सिर्फ सैटेलाइट तस्वीर से हवा की रफ्तार या बारिश की मात्रा का सटीक अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इसके लिए जमीनी आंकड़ों और अन्य मौसम मॉडल का भी सहारा लिया जाता है। INSAT-3DS की मदद से रात में भी बादलों की निगरानी की जा सकती है।

लैंडफॉल के बाद भी क्यों बना रहेगा खतरा?

समुद्र में चक्रवात को गर्म पानी से ऊर्जा मिलती है, लेकिन जमीन पर आते ही यह ताकत कम होने लगती है। जमीन की रुकावट से हवा की गति धीमी होती है और तूफान धीरे-धीरे कमजोर पड़ता है। हालांकि खतरा तुरंत खत्म नहीं होता। तूफान के साथ आए विशाल बादल तट से दूर के इलाकों में भी भारी बारिश करा सकते हैं। इससे निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़, पेड़ गिरने और बिजली लाइनों के टूटने का खतरा बना रहता है।

मौसम विभाग अब इस बात पर नजर रख रहा है कि अर्नब जमीन के अंदर किस दिशा में बढ़ता है और किन-किन इलाकों में कितनी बारिश देता है। विभाग ने आंध्र प्रदेश और आसपास के राज्यों के लोगों को अलर्ट पर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here