राम नवमी 2026: राम नवमी हिंदू धर्म का एक प्रमुख और पावन पर्व है, जिसे भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस दिन भक्त भगवान राम की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और अपने जीवन में सुख-शांति की कामना करते हैं.
हालांकि, साल 2026 में राम नवमी की तिथि को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है. कोई इसे 26 मार्च को मनाने की बात कर रहा है, तो कोई 27 मार्च को. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार सही तिथि और पूजा का शुभ समय क्या रहेगा.
राम नवमी 2026 की सही तिथि
पंडित प्रवीण मिश्र के अनुसार, साल 2026 में नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह 11 बजकर 48 मिनट से शुरू होकर 27 मार्च को सुबह 10 बजकर 6 मिनट तक रहेगी.
भगवान राम का जन्म मध्याह्न काल और कर्क लग्न में हुआ था, जिसे सबसे शुभ माना जाता है. इसी आधार पर 26 मार्च को राम नवमी मनाना अधिक शुभ माना जा रहा है.
उदयातिथि के अनुसार कब मनाएं पर्व
यदि उदयातिथि को ध्यान में रखा जाए, तो राम नवमी 27 मार्च 2026, गुरुवार को मनाना उचित होगा.
इस प्रकार:
- गृहस्थ लोगों के लिए 26 मार्च को राम नवमी मनाना शुभ है
- वैष्णव संप्रदाय के लोग 27 मार्च को पर्व मनाएंगे
इस दिन मध्याह्न मुहूर्त सुबह 11:13 बजे से दोपहर 1:41 बजे तक रहेगा, जबकि भगवान राम के जन्म का विशेष समय दोपहर 12:27 बजे माना गया है.
राम नवमी पूजा विधि
राम नवमी के दिन भक्त प्रातःकाल स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और भगवान राम की पूजा करते हैं.
- मंदिर जाकर दर्शन करना या घर पर पूजा-अर्चना करना
- रामचरितमानस का पाठ करना
- जरूरतमंदों को दान देना
यह सभी कार्य इस दिन अत्यंत शुभ माने जाते हैं.
व्रत के नियम
व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को इस दिन सात्विक जीवनशैली अपनानी चाहिए.
- कुछ लोग निर्जला व्रत रखते हैं
- कुछ फलाहार या एक समय भोजन करते हैं
- फल, दूध, दही, साबूदाना, कुट्टू और सिंघाड़े का सेवन किया जाता है
- साधारण नमक की जगह सेंधा नमक का प्रयोग होता है
पूरे दिन पूजा, भजन और रामायण पाठ करने से मन शांत और भक्तिमय बना रहता है. व्रत का पारण भगवान राम के जन्म समय के बाद किया जाता है.
राम नवमी पर क्या न करें
इस दिन कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए:
- गेहूं, चावल और दाल का सेवन न करें
- प्याज, लहसुन, मांसाहार और शराब से दूरी रखें
- भारी और तला-भुना भोजन न करें
- क्रोध, नकारात्मक सोच और कटु वाणी से बचें
राम नवमी के मंत्र
राम नवमी के दिन भगवान राम के मंत्रों का जाप करना अत्यंत फलदायी माना जाता है.
- ‘ऊं श्री रामाय नमः’
- ‘श्री राम जय राम जय जय राम’
- ‘ऊं नमो भगवते रामचंद्राय’
इन मंत्रों के जप से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.















