मिडिल ईस्ट संकट पर पीएम मोदी का चेतावनी भरा बयान, ‘हमें बेहद सावधान और सतर्क रहना है’

0
7

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में गंभीर चिंता जताई है. मंगलवार को सदन में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह स्थिति भारत के लिए भी चिंताजनक है क्योंकि इससे व्यापार के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं और जरूरी सामानों की सप्लाई पर असर पड़ रहा है. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत को सावधान, सतर्क और पूरी तरह तैयार रहना होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीयों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और गल्फ क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

पेट्रोल-डीजल से लेकर फर्टिलाइजर तक प्रभावित
पीएम मोदी ने सदन को बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से पेट्रोल, डीजल, गैस और फर्टिलाइजर जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हुई है. गल्फ क्षेत्र में लगभग एक करोड़ भारतीय रहते हैं, इसलिए उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा भारत के लिए बड़ी चिंता का विषय है. हॉर्मुज स्ट्रेट में भारतीय क्रू मेंबर फंस गए हैं, जो चिंता बढ़ाने वाली बात है. प्रधानमंत्री ने कहा कि कमर्शियल जहाजों पर हमला और अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग में रुकावट पूरी तरह अस्वीकार्य है.

भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, भारतीयों की सुरक्षा प्राथमिकता है और गल्फ के सभी देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हमारा लक्ष्य डायलॉग और डिप्लोमेसी के माध्यम से क्षेत्र में शांति लाने का है. पीएम मोदी ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद उन्होंने पश्चिम एशिया के ज्यादातर देशों के नेताओं से दो बार फोन पर बात की है. भारत ईरान, इजराइल और अमेरिका के साथ भी निरंतर संपर्क बनाए हुए है.

हॉर्मुज स्ट्रेट में हमला अस्वीकार्य
पीएम मोदी ने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग में रुकावट और कमर्शियल जहाजों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. भारत ने नागरिकों, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा से जुड़े ढांचों पर किसी भी हमले का सख्त विरोध किया है. भारत डिप्लोमेसी के जरिए भारतीय जहाजों के सुरक्षित आवागमन के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है.

ऊर्जा सुरक्षा और स्टोरेज की मजबूत व्यवस्था
प्रधानमंत्री ने सदन और देश को आश्वासन देते हुए कहा कि भारत के पास क्रूड ऑयल के पर्याप्त स्टोरेज और निरंतर सप्लाई की व्यवस्थाएं हैं. सरकार ईंधन के किसी एक स्रोत पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम कर रही है. घरेलू गैस सप्लाई में LPG के अलावा PNG पर भी जोर दिया जा रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी संकट हो, भारत के हौसलों और प्रयासों की परीक्षा होती है, लेकिन हम अपनी सहनशीलता को और मजबूत बना रहे हैं.

शांति और संवाद की अपील
पीएम मोदी ने राज्यसभा से अपील की कि इस उच्च सदन से शांति और संवाद की एकजुट आवाज पूरे विश्व तक पहुंचनी चाहिए. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चलने वाले वैश्विक संघर्षों का प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए भारत इन चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here