
नई दिल्ली: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आगाज हो चुका है। इस बार समारोह गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित किया जा रहा है। वहीं समारोह में यामी गौतम की फिल्म 'आर्टिकल 370' को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला है, साथ ही यामी को ही बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया है। कन्नड़ के दिग्गज अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया है। जैसे ही उनका नाम पुकारा गया, पूरे हॉल में स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया। इस दौरान अभिनेता ममूटी उनसे हाथ मिलाने पहुंचे।
कार्तिक आर्यन को मिला बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड
इसके साथ ही बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड 'ब्रह्मयुगम' के लिए ममूटी और 'चंदू चैंपियन' के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से दिया गया है। बेस्ट फिल्म क्रिटिक का अवॉर्ड संजीव श्रीवास्तव को, तो बेस्ट नरेशन का सिल्वर लोटस सौंदर्य जयचंद्रन को मिला। गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर बनी डॉक्यूमेंट्री के लिए आनंद एल राय को सम्मानित किया गया है।
धनुष को किया गया राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित
Actor and filmmaker Dhanush receives a Special Mention (Performance) for his role in the film Captain Miller at the 72nd National Film Awards 🏆✨#NFA #IndiaCelebratesCinema #FilmsThatUnite #NationalFilmAwards @MIB_India @nfdcindia @dhanushkraja pic.twitter.com/xtIw6og2Rg
— PIB India (@PIB_India) September 22, 2026
इसके अलावा साउथ के सुपरस्टार कहें जाने वाले धनुष को भी 'कैप्टन मिलर' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ किताब का पुरस्कार कन्नड़ पुस्तक 'नानीरूवुदे निमगागी नादिरूवदे मनगागी' को मिला है। इसके लेखक कंचनुरु प्रदीप कुमार शेट्टी और प्रकाशक मिरर बुक्स को स्वर्ण कमल दिया गया।
राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के साथ हुई समारोह की शुरुआत
खास बात है कि यह पहला मौका है जब नेशनल अवॉर्ड्स का आयोजन नई दिल्ली से बाहर हो रहा है। इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद हैं। बता दें, कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान के साथ हुई। राष्ट्रपति के पहुंचते ही समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। वहीं, इस साल 2024 में सेंसर हुई फिल्मों को सम्मानित किया जा रहा है, जिसमें कुल 92 विजेताओं को अवॉर्ड दिए जा रहे हैं।












