चंडीगढ़, 7 अगस्त : नगर निगम चंडीगढ़ की एडवर्टिजमेंट ब्रांच ने आज पुलिस बल के सहयोग से शहर में अवैध रूप से लगाए गए विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान इलांटे मॉल परिसर में लगे नामी बिल्डर के साइबर स्क्वायर प्रोजेक्ट से जुड़े Ad4Print एडवर्टिजमेंट पोर्टल की फ्लेक्स हटाकर उन्हें जब्त कर लिया गया।
मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि संबंधित विज्ञापन बिना अनुमति और निर्धारित नियमों के उल्लंघन में लगाए गए थे। इसी कारण इन्हें अवैध (इल्लीगल) घोषित करते हुए तत्काल हटाने की कार्रवाई की गई। किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया था।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के लगाए गए होर्डिंग्स, फ्लेक्स और अन्य विज्ञापन न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा बन सकते हैं। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध विज्ञापनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने संबंधित बिल्डरों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की है कि वे विज्ञापन लगाने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें, अन्यथा नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















