ईरान पर स्ट्राइक के बाद इजरायल को अटैक का डर! बंद किया एयरस्पेस, राष्ट्रीय आपातकाल घोषित

0
12

तेल अवीव: इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक की घोषणा के बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया हैं. हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि पूरे इजरायल में सायरन बजाए गए और मोबाइल फोन पर एडवांस अलर्ट भेजकर नागरिकों को संभावित हमले के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. क्षेत्र में किसी बड़े टकराव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं.

इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने बताया कि पूरे देश में एडवांस अलर्ट जारी किए गए हैं. मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों के पास रहने की सलाह दी गई है. सेना का कहना है कि यह कदम संभावित मिसाइल हमलों की आशंका को देखते हुए उठाया गया है. आईडीएफ ने स्पष्ट किया कि यह एक एहतियाती चेतावनी है ताकि लोग किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें. सेना ने दोबारा अपील की कि आम नागरिक खुले इलाकों में न रहें और सुरक्षित ठिकानों के आसपास ही मौजूद रहें.

राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने पूरे देश में विशेष आपातकाल लागू करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि नागरिक क्षेत्रों को मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा हो सकता है. सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सभी जरूरी सेवाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.

एयरस्पेस बंद, सार्वजनिक गतिविधियां रुकीं

तनावपूर्ण हालात के बीच इजरायल ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. एयरलाइंस को चेतावनी दी गई है कि वे इजरायली सीमा में प्रवेश न करें. इसके अलावा स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है और लोगों को जहां संभव हो, घर से काम करने की सलाह दी गई है.

तेहरान में भी धमाकों की खबर

वहीं, ईरान की राजधानी तेहरान में भी विस्फोटों की सूचना सामने आई है. ईरान की एक समाचार एजेंसी के अनुसार, यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोमहूरी इलाके में मिसाइलें गिरने की खबर है. सरकारी मीडिया ने केंद्रीय तेहरान में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनाई देने की पुष्टि की है. हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

इजरायल के रक्षा मंत्री का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य के खिलाफ संभावित खतरों को रोकने के उद्देश्य से की गई है. लेकिन इस कदम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है. अब पूरी दुनिया की नजर ईरान की प्रतिक्रिया पर है. यदि दोनों देशों के बीच जवाबी कार्रवाई तेज होती है, तो हालात बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here