नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इस फ्लाइट के एक इंजन में हवा में ही खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. सभी सुरक्षा और रेस्क्यू एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके.
हवा में इंजन फेल, पायलट ने मांगी मदद
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 विशाखापत्तनम से दिल्ली के लिए निर्धारित थी. IGI एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई.
पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को स्थिति की जानकारी दी और आपातकालीन मदद मांगी. सुबह 10:39 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई.
161 यात्रियों की सांसें अटकीं
यह विमान B737-800 मॉडल का था, जिसमें कुल 161 लोग सवार थे. विमान में लगभग 6.4 घंटे का ईंधन मौजूद था और इसकी अनुमानित लैंडिंग का समय 10:52 बजे तय किया गया था.
इमरजेंसी की खबर मिलते ही एयरपोर्ट पर सभी एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं.
रनवे खाली कर कराई गई लैंडिंग
एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF) टीम को तुरंत एयरसाइड पर तैनात कर दिया गया. एटीसी ने रनवे 28 को तुरंत खाली कराया और विमान को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित लैंडिंग की व्यवस्था की.
लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग के लिए स्टैंड 137 पर ले जाया गया.
अन्य उड़ानों पर भी पड़ा असर
इस इमरजेंसी लैंडिंग के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग को होल्ड करना पड़ा. इससे फ्लाइट संचालन पर अस्थायी असर देखने को मिला.
सुरक्षित उतरा विमान, सभी यात्री सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ और एटीसी के समन्वय से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. फायर विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.
लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके. वहीं, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.















