ICC ODI Ranking: वनडे रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, विराट कोहली को पछाड़कर डेरिल मिचेल बने नंबर-1 ODI बल्लेबाज

0
30

नई दिल्ली: आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाज रैंकिंग जारी होते ही भारतीय क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा है. भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अब नंबर-1 बल्लेबाज नहीं रहे. उनसे यह स्थान न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने छीन लिया है. हालिया भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के बाद रैंकिंग में यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है.

न्यूजीलैंड के भरोसेमंद बल्लेबाज डेरिल मिचेल इस समय अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रहे हैं. भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार अच्छे प्रदर्शन का उन्हें सीधा फायदा मिला है. पिछले हफ्ते वे आईसीसी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर थे और विराट कोहली से सिर्फ एक रेटिंग अंक पीछे थे, लेकिन अब उन्होंने बड़ी छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है.

डेरिल मिचेल की मौजूदा रेटिंग 845 हो गई है, जो अब तक की उनकी सर्वश्रेष्ठ रेटिंग मानी जा रही है. खास बात यह है कि उन्होंने न सिर्फ विराट कोहली को पीछे छोड़ा है, बल्कि उनके और बाकी बल्लेबाजों के बीच अच्छा-खासा अंतर भी बना लिया है. ऐसे में आने वाले कुछ समय तक उन्हें टॉप से हटाना आसान नहीं होगा.

शतक के बावजूद कोहली को नुकसान

विराट कोहली के लिए यह रैंकिंग निराशाजनक रही. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में शानदार शतक लगाने के बावजूद उन्हें नंबर-1 की कुर्सी गंवानी पड़ी. कोहली सिर्फ एक हफ्ते ही शीर्ष स्थान पर टिक पाए. फिलहाल वे आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

इस समय विराट कोहली की रेटिंग 795 है, जो पिछले सप्ताह 784 थी. यानी रेटिंग बढ़ने के बावजूद वे नीचे खिसक गए. इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि आने वाले महीनों में भारत का वनडे शेड्यूल काफी सीमित है. कोहली अब सीधे जुलाई में ही वनडे क्रिकेट खेलते नजर आएंगे, ऐसे में फिलहाल उनके लिए दोबारा नंबर-1 बनना आसान नहीं दिख रहा.

रोहित शर्मा को भी हुआ नुकसान

भारतीय टीम के सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा को भी इस रैंकिंग में झटका लगा है. वे एक स्थान नीचे खिसककर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं. भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा नंबर-1 बल्लेबाज थे, लेकिन पूरी सीरीज में उनका प्रदर्शन काफी कमजोर रहा. रोहित शर्मा के बल्ले से इस सीरीज में एक भी अर्धशतक नहीं निकला. तीन मैचों में वे कुल मिलाकर सिर्फ 61 रन ही बना सके. इसका असर उनकी रैंकिंग पर साफ दिखाई दिया. फिलहाल उनकी रेटिंग 757 है.

ICC ODI बल्लेबाज रैंकिंग: टॉप-5

डेरिल मिचेल – 845 रेटिंग
विराट कोहली – 795 रेटिंग
इब्राहिम जादरान – 764 रेटिंग
रोहित शर्मा – 757 रेटिंग
शुभमन गिल – 723 रेटिंग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here