
मुंबई के कफ परेड इलाके से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 20 साल की एक लड़की के साथ उसके ही पिता ने बार-बार बलात्कार किया और उसे प्रेग्नेंट कर दिया. डीएनए जांच में पिता का फीटस से संबंध साबित होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पहले ही एक अन्य व्यक्ति और 17 वर्षीय नाबालिग लड़के को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है. यह क्रूर अपराध सितंबर 2025 से सामने आया और अब पूरे शहर में सनसनी फैला रहा है.
युवती ने हाथ के इशारों से अपनी दादी को पेट में दिक्कत बताई, जिसके बाद अस्पताल में जांच हुई और पांच महीने की प्रेगनेंसी का पता चला. अस्पताल ने तुरंत पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने 17 संदिग्धों के डीएनए सैंपल जांचे, जिसमें केवल पिता का मैच पॉजिटिव आया.
घटना कैसे सामने आई?
सितंबर 2025 में युवती ने दादी को पेट में दर्द और गुड़गुड़हट जैसी शिकायत हाथ के इशारों से जताई. उन्हें मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में पता चला कि वह पांच महीने की प्रेग्नेंट हैं. अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस को शुरुआती जांच में संवाद की बड़ी समस्या आई क्योंकि पीड़िता बयान देने में असमर्थ और अनिच्छुक थी. पुलिस ने पिता से पूछताछ की, लेकिन उसने यौन शोषण के आरोपों को खारिज कर दिया और बेटी की प्रेगनेंसी की कोई वजह नहीं बताई. वह शिकायत दर्ज कराने से भी इनकार कर रहा था.
कैसे हुआ शिकायत दर्ज?
काउंसलिंग के बाद युवती ने शिकायत दर्ज करने पर सहमति जताई. उसके दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों एक वयस्क व्यक्ति और 17 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया. जांच में 17 संदिग्धों के डीएनए और ब्लड सैंपल लिए गए, जिन्हें फीटस के जेनेटिक डेटा से मिलाया गया.
27 जनवरी को लैब रिपोर्ट में केवल एक पॉजिटिव मैच आया वो भी पिता का. पुलिस के अनुसार, बलात्कार मार्च से 21 सितंबर 2025 के बीच किसी समय हुआ. केस 22 सितंबर को दर्ज किया गया.












