वाशिंगटन: अमेरिका की करेंसी से जुड़ी एक बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है. पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर अमेरिकी डॉलर पर दिखाई देंगे. यह कदम न सिर्फ परंपरा से अलग है, बल्कि इसे एक खास मौके से भी जोड़ा जा रहा है.
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने पुष्टि की है कि जल्द ही डॉलर के नोटों पर डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर शामिल किए जाएंगे. खास बात यह है कि अमेरिकी इतिहास में अब तक किसी भी मौजूदा राष्ट्रपति के साइन उनके कार्यकाल के दौरान करेंसी पर नहीं छपे हैं. इसलिए यह फैसला ऐतिहासिक माना जा रहा है.
250वीं वर्षगांठ से जुड़ा खास मौका
अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने इस फैसले को देश की 250वीं वर्षगांठ के जश्न से जोड़ा है. उनके मुताबिक, नए नोटों पर राष्ट्रपति ट्रंप और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट दोनों के हस्ताक्षर होंगे. उन्होंने इसे राष्ट्रपति के नेतृत्व और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया.
ट्रेजरी सचिव बेसेंट ने भी इस फैसले को खास बताते हुए कहा कि अमेरिका इस समय आर्थिक मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके अनुसार, यह कदम न केवल देश की उपलब्धियों को दर्शाता है, बल्कि डॉलर की ताकत और स्थिरता को भी दिखाता है. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मौके पर ट्रंप के हस्ताक्षर वाले नोट जारी करना एक सम्मान की बात है.
कब से शुरू होगी नई छपाई
ट्रेजरी विभाग के अनुसार, सबसे पहले 100 डॉलर के नए नोट छापे जाएंगे, जिन पर ट्रंप और बेसेंट के साइन होंगे. इनकी छपाई जून से शुरू होने की संभावना है. इसके बाद धीरे-धीरे अन्य मूल्य के नोट भी बाजार में लाए जाएंगे. फिलहाल, ब्यूरो ऑफ एनग्रैविंग एंड प्रिंटिंग पुराने नोटों की छपाई कर रहा है, जिन पर पूर्व ट्रेजरी सचिव जेनेट येलेन और ट्रेजरर लिन मालेरबा के हस्ताक्षर मौजूद हैं.
यह साफ कर दिया गया है कि नए नोटों के डिजाइन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा. केवल हस्ताक्षरों को अपडेट किया जाएगा. यानी नोट की बनावट और बाकी फीचर्स पहले जैसे ही रहेंगे.
सिक्के पर तस्वीर को लेकर नियम
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि अमेरिका में सिक्कों पर किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर छापने की अनुमति नहीं है. यही वजह है कि पहले ट्रंप की तस्वीर वाले 1 डॉलर के सिक्के को जारी करने की कोशिश सफल नहीं हो पाई थी.















