झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाने वाली एक शातिर महिला चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला अलग-अलग भेष बदलकर वारदात को अंजाम देती थी और चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए तुरंत बुर्का पहन लेती थी. सीसीटीवी फुटेज में कैद होने के बाद मिशन शक्ति टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम रुखसार है, जो जालौन जिले की रहने वाली है. वह लंबे समय से बाजारों में महिलाओं के पर्स और जेवरात को निशाना बना रही थी. उसकी गिरफ्तारी से स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों ने राहत की सांस ली है.
मानिक चौक बाजार में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मानिक चौक बाजार का है. 18 फरवरी को एक कॉस्मेटिक दुकान पर रोज की तरह भीड़ लगी थी. इसी दौरान काले रंग का मास्क लगाए एक महिला दुकान में दाखिल हुई. भीड़ का फायदा उठाकर उसने एक महिला ग्राहक के पर्स की चैन खोली और बड़ी सफाई से नकदी व सामान निकाल लिया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आरोपी पहले नीले रंग का थैला हाथ में लेती है ताकि अपनी हरकत छिपा सके. मौका मिलते ही वह पर्स से रुपये निकाल लेती है और वहां से निकल जाती है.
सर्राफा बाजार में भी की कोशिश
पहली वारदात के बाद महिला सर्राफा बाजार की ओर बढ़ी, जहां उसने दोबारा चोरी की कोशिश की. हालांकि इस बार लोगों को उस पर शक हो गया और तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई.
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली क्षेत्र में गश्त कर रही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले आई.
पूछताछ में खुलासा
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला के पास से 40 हजार रुपये नकद, सफेद धातु के सिक्के और चेन, पीली धातु की एक नथ और सफेद धातु की पायल बरामद की गई. बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है.
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुखसार निवासी जालौन बताया. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
भेष बदलकर देती थी वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि रुखसार बेहद शातिर तरीके से भीड़भाड़ वाले इलाकों को चुनती थी. वह कभी बुर्का पहनकर तो कभी सूट में बाजार पहुंचती थी. चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए तुरंत बुर्का पहन लेती थी, ताकि पहचान छिपी रहे.
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुकी है. इसके बावजूद उसने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं और फिर से बाजारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया.
दुकानदारों ने ली राहत की सांस
मानिक चौक और सर्राफा बाजार के व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं. सीसीटीवी फुटेज सामने आने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उन्हें राहत मिली है. उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में ग्राहक भी अक्सर सतर्क नहीं रहते, जिसका फायदा ऐसे लोग उठाते हैं.
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि 18 फरवरी को मिशन शक्ति टीम बाजार में भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान सर्राफा बाजार से चोरी की सूचना मिली. तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया गया और तलाशी में नकदी व जेवरात बरामद किए गए.













