NMMSS Scholarship: 9वीं-12वीं के छात्रों को मिलेगी 12 हजार की आर्थिक मदद, 30 सितंबर तक बढ़ी डेडलाइन

0
7
NMMSS Scholarship 2026
X @JoshiPralhad

नई दिल्ली: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। हाल ही सामने आई जानकारी के अनुसार, अब योग्य छात्र 30 सितंबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को आगे की शिक्षा जारी रखने में मदद करना है। स्कॉलरशिप के तहत कक्षा 9 से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

ये तारीखें कर लें नोट

NMMSS के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन के बाद स्कूल या संबंधित संस्थान स्तर पर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद जिला स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

किन छात्रों को मिल सकती है स्कॉलरशिप?

इस योजना के तहत हर साल कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले 1 लाख मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक मदद दी जाती है। चयनित छात्रों को सालाना 12,000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलती है, यानी हर महीने 1,000 रुपये।

बता दें, इसके लिए छात्र का सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में पढ़ना जरूरी है। साथ ही परिवार की सालाना आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन करने वाले विद्यार्थी के कक्षा 7 की परीक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी गई है।

ऐसे करें आवेदन

योग्य छात्र सबसे पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाएं। यहां उन्हें One-Time Registration (OTR) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। OTR पूरा होने के बाद पोर्टल पर लॉगिन करके NMMSS योजना का चयन करें और मांगी गई जानकारी व जरूरी दस्तावेज जमा कर आवेदन पूरा करें।

शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन जमा कर दें। साथ ही स्कूल और जिला स्तर पर होने वाले वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय के भीतर पूरी करवाना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here