नई दिल्ली: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही वापस गोवा लौटना पड़ा है। बता दें, हाल ही में खबर सामने आई है कि विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने विमान को गोवा के मोपा एयरपोर्ट वापस ले जाने का फैसला किया। वहीं विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है।
कितने बजे फ्लाइट ने भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ मिनट बाद ही विमान के एक इंजन में समस्या की सूचना सामने आई और स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी।
इसके बाद विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया और विमान ने करीब 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। खबर है कि विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। हालांकि विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद ATC ने सुबह करीब 10:03 बजे इमरजेंसी खत्म कर दी।
सभी यात्री सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है। विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया। बता दें, दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए फ्लाइट का नया प्रस्थान समय दोपहर 3:30 बजे रखा गया है।
फ्लाइट में कितने यात्री मौजूद
हालांकि, विमान को जरूरी तकनीकी और ऑपरेशनल मंजूरी मिलने के बाद ही उड़ान का समय तय होगा। यात्रियों को आगे की जानकारी एयरलाइन की ओर से दी जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कुल कितने यात्री सवार थे और इंजन में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी। एयरलाइन की ओर से भी घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।












