नई दिल्ली: दुनिया के कई बड़े नेता अपनी खास गाड़ियों में ही सफर करना पसंद करते हैं। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी एक SUV चलाते हुए नजर आए हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आखिर कौन सी है ये गाड़ी और इसमें क्या खास है, आइए जानते हैं।
गोर्की प्लांट में चलाई Volga H50
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने हाल में निजनी नोवगोरोड स्थित मशहूर गोर्की ऑटोमोटिव प्लांट का दौरा किया। इसी दौरान उन्होंने Volga H50 SUV को चलाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ी चलाने से पहले पुतिन ने उसकी पूरी जानकारी ली, अंदर बैठकर फीचर्स देखे और फिर ड्राइविंग सीट पर बैठकर उसे चलाया।
यह दौरा रूस के ऑटो सेक्टर के लिए काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि वोल्गा ब्रांड को दोबारा जिंदा किया जा रहा है।
Geely के प्लेटफॉर्म पर बनी है ये SUV
पुतिन ने जिस गाड़ी को चलाया है उसका नाम Volga H50 है। यह असल में चीन की कंपनी Geely के स्वामित्व वाले ब्रांड की गाड़ी है। रूस में वोल्गा एक ऐतिहासिक नाम है और अब इसे नई तकनीक के साथ वापस लाया गया है। H50 Geely के ही प्लेटफॉर्म पर बनी एक प्रीमियम SUV है जिसे रूसी बाजार के हिसाब से तैयार किया गया है।
इंजन कितना दमदार है
कंपनी ने इस SUV में 2.0 लीटर की क्षमता का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है। यह इंजन 238 हॉर्स पावर की ताकत और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 8 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। गाड़ी में ऑल व्हील ड्राइव तकनीक भी मिलती है, जिससे यह खराब रास्तों पर भी आसानी से चल सकती है।
फीचर्स की भरमार
Volga H50 में फीचर्स की कोई कमी नहीं है। इसमें LED हेडलाइट और LED DRL, फ्रंट वेंटिलेटेड सीटें, मसाज और मेमोरी फंक्शन वाली सीटें, 12 स्पीकर वाला प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, 360 डिग्री कैमरा, एंबिएंट लाइटिंग, पैनोरमिक सनरूफ जैसे लग्जरी फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए इसमें ABS, EBD, कई एयरबैग, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
कीमत कितनी है
रूस में Volga H50 की कीमत 41.99 लाख रुबल रखी गई है। भारतीय रुपये में यह कीमत करीब 46.59 लाख रुपये होती है। इस सेगमेंट में यह SUV रूस में टोयोटा, हुंडई जैसी कंपनियों की गाड़ियों को टक्कर देगी।












