बांग्लादेश की भारत से बिजनेस वीजा ‘फास्ट ट्रैक’ करने की मांग, व्यापार बढ़ाने पर दिया जोर

0
8
Bangladesh business visa, India Bangladesh trade
AI Generated

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच कारोबार बढ़ाने को लेकर कोशिशें तेज होती नजर आ रही हैं. बता दें, बांग्लादेश ने भारत से अपने कारोबारियों के लिए बिजनेस वीजा जल्द जारी करने की अपील की है. उसका कहना है कि अगर दोनों देशों के व्यापारियों के लिए एक-दूसरे के बाजारों तक पहुंच आसान होगी, तो कारोबार और निवेश दोनों को फायदा मिलेगा.

जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने मंगलवार को ढाका में एक कार्यक्रम के दौरान यह मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी कारोबारियों को भारत का बिजनेस वीजा जल्दी मिलना चाहिए, ताकि उन्हें कारोबारी काम के लिए बार-बार भारत आने-जाने में परेशानी न हो. 

व्यापार की राह में कई चुनौतियां

इसके साथ ही मंत्री ने भारत और बांग्लादेश के निजी क्षेत्र के बीच बातचीत बढ़ाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को ऐसी आर्थिक साझेदारी पर काम करना चाहिए, जिसका फायदा दोनों को मिले. शमा ओबैद इस्लाम ने व्यापार से जुड़ी कुछ चुनौतियों का भी जिक्र किया है, जिसमें गैर-टैरिफ बाधाएं, उत्पादों की गुणवत्ता और टेस्टिंग से जुड़ी समस्याएं, कागजी कार्रवाई में देरी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी दिक्कतें शामिल हैं. उनका मानना है कि इन समस्याओं को कम करने से दोनों देशों के बीच सामान और सेवाओं की आवाजाही आसान हो सकती है. 

भारतीय कंपनियों को निवेश का न्योता

बता दें, बीतचीत के दौरान बांग्लादेश ने भारतीय कंपनियों से वहां निवेश बढ़ाने की अपील भी की है. मंत्री के मुताबिक, बांग्लादेश का बड़ा घरेलू बाजार, कुशल श्रमबल और क्षेत्रीय बाजारों के करीब होने का फायदा भारतीय कंपनियों को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां बांग्लादेश के आर्थिक क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात इकाइयां लगा सकती हैं. ऐसे निवेश को बढ़ावा देने की बात कही गई है, जिससे नई तकनीक आए, स्थानीय कारोबारियों को काम मिले और रोजगार के नए अवसर पैदा हों.

बांग्लादेश ने भारतीय कंपनियों से रेडीमेड गारमेंट्स, टेक्सटाइल, जूट, चमड़ा, फुटवियर, फार्मास्युटिकल्स, एग्रो-प्रोसेसिंग, सिरेमिक, प्लास्टिक और लाइट इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कारोबार बढ़ाने की भी अपील की है.

11.35 अरब डॉलर का कारोबार

भारत और बांग्लादेश के आर्थिक रिश्तों में व्यापार की अहम भूमिका है. 2025-26 में फरवरी तक दोनों देशों के बीच करीब 11.35 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ. बांग्लादेश का मानना है कि बिजनेस वीजा की प्रक्रिया आसान होने, व्यापारिक अड़चनें कम होने और निवेश बढ़ने से दोनों देशों के आर्थिक रिश्ते और मजबूत हो सकते हैं. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here