देहरादून: उत्तराखंड से एक ऐसे खबर सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रही है. बता दें, राज्य की रेनू धारियाल ने अपने लंबे बालों की वजह से दुनिया में खास पहचान बनाई है. जानकारी के अनुसा, उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी करीब 8 फीट 10 इंच है. इसी के साथ उन्होंने जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
कब से नहीं कटवाए अपने बाल
रेनू पिछले कई सालों से अपने बालों को बढ़ा रही हैं. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उन्होंने 2015 से बाल नहीं कटवाए हैं. रेनू के लिए लंबे बाल सिर्फ खूबसूरती का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वह इन्हें भारतीय संस्कृति और परंपरा से भी जोड़कर देखती हैं. बता देें, रेनू के बालों की लंबाई दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति रहे रॉबर्ट वाडलो की ऊंचाई 272 सेंटीमीटर के बेहद करीब है.
इससे पहले यह रिकॉर्ड यूक्रेन की अलीया नासिरोवा के नाम था, जिनके बाल 257.33 सेंटीमीटर लंबे थे. रेनू ने इस रिकॉर्ड को 14 सेंटीमीटर से ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया है. वहीं इतने लंबे बालों को संभालना भी अपने आप में एक चुनौती है. रेनू के मुताबिक, बाल धोने और उन्हें सुलझाने में कई घंटे लग जाते हैं. वह अक्सर अपने बालों की लंबी चोटी बना लेती हैं, ताकि उन्हें संभालना आसान हो सके.
बालों के लिए करती है प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल
रेनू बालों की देखभाल के लिए प्राकृतिक चीजों को ज्यादा पसंद करती हैं. वह घर पर तैयार किए गए हेयर ऑयल और शैंपू का इस्तेमाल करती हैं. इसके साथ ही, सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अपने हेयर केयर रूटीन और ब्यूटी टिप्स भी लोगों के साथ शेयर करती हैं. रेनू का कहना है कि यह रिकॉर्ड उनके लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है. वह चाहती हैं कि उनकी कहानी लोगों को अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और संस्कृति से जुड़े रहने के साथ-साथ किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा भी दे. वहीं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स उनकी इस उपलब्धि पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे है.












