अवैध संबंधों में रोड़ा बने पति की पत्नी ने कराई बेरहमी से हत्या, सनसनीखेज खुलासा

0
8
Uttar Pradesh Crime
Uttar Pradesh Crime

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अवैध संबंधों और प्रेम-प्रसंग के चलते पतियों की हत्या के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. मेरठ में हाल ही में सामने आए चर्चित ‘सांप कांड’ की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब जौनपुर जिले से एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जौनपुर के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते समय अपने ही पति की गमछे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई.

सोते समय पति को बनाया निशाना

घटना बदलापुर के भलुआही (वार्ड संख्या आठ) की है. पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक के पिता लालजी गौतम ने बताया कि उनका 27 वर्षीय बेटा चंद्रदीप शुक्रवार की रात हमेशा की तरह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था. आरोप है कि रात लगभग 11 बजे के बाद चंद्रदीप की पत्नी वंदना ने अपने प्रेमी राजेश कुमार को घर बुलाया. इसके बाद दोनों ने मिलकर सो रहे चंद्रदीप का गमछे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

प्रेमी के साथ हुई फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी वंदना अपने प्रेमी राजेश के साथ रात के अंधेरे में फरार हो गई. प्रेमी राजेश कुमार बदलापुर थाना क्षेत्र के ही गजाधरपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने वंदना और राजेश के खिलाफ हत्या का आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

रची खौफनाक हत्या की साजिश

गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में लव अफेयर के चक्कर में पतियों की हत्या के मामले तेजी से बढ़े हैं. अभी कुछ ही दिन पहले मेरठ के बहसूमा स्थित भंडोरा गांव में भी ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था. वहां दामिनी नाम की महिला ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर अपने पति अतुल की हत्या की साजिश रची थी. दामिनी ने इंटरनेट पर पतियों की हत्या से जुड़े कई मामलों को पढ़ने के बाद पति को रास्ते से हटाने के लिए सांप का सहारा लिया था. 16 जुलाई की रात दामिनी ने पहले पति को दूध में नींद की गोलियां दीं और फिर रात में उसके बिस्तर पर विषैला सांप छोड़ दिया, जिससे डंसने से अतुल की मौत हो गई थी.

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

जौनपुर की इस नई घटना ने एक बार फिर रिश्तों के कत्ल और अवैध संबंधों के खौफनाक अंजाम को उजागर कर दिया है. पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पूरी तरह से प्रेम-प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है और जल्द ही दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here