13 दिन की मासूम की हत्या! कलयुगी पिता ने पानी की टंकी में डुबोकर ली नवजात की जान

0
10
Crime, Crime News, Karnataka Crime
Crime, Crime News, Karnataka Crime

नई दिल्ली: बेटे की चाहत और रूढ़िवादी सोच किस कदर इंसान को हैवान बना देती है, इसकी एक दिल दहला देने वाली मिसाल कर्नाटक के चिकबल्लापुर जिले से सामने आई है. यहां शांतिनगर के रहने वाले इमरान नामक व्यक्ति ने अपनी महज 13 दिन की नवजात बेटी की पानी की टंकी में डुबोकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात की वजह सिर्फ इतनी थी कि वह दूसरी बार भी बेटी के पैदा होने से नाखुश था. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

रात के अंधेरे में रचा खौफनाक षड्यंत्र

पुलिस के अनुसार, इमरान की पत्नी मुस्कान ने 13 दिन पहले ही अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया था. इस दंपति की पहले से एक चार साल की बेटी है. इमरान दूसरी बार बेटी होने के बाद से ही चिड़चिड़ा और नाखुश चल रहा था. बुधवार रात जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तब आरोपी ने खौफनाक कदम उठाया. उसने चुपके से 13 दिन की मासूम को उठाया और घर में बनी पानी की टंकी में फेंक दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई.

बेटी गायब हुई तो रची झूठी तलाश का नाटक

देर रात जब मां मुस्कान की नींद खुली तो बच्ची को अपने पास न पाकर उसके होश उड़ गए. उसने तुरंत परिजनों को जगाया और बच्ची की तलाश शुरू हुई. हैरान करने वाली बात यह है कि हत्यारा पिता इमरान भी परिजनों के साथ बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा. कुछ देर बाद उसी ने चालाकी दिखाते हुए बच्ची के पानी की टंकी में पड़े होने का दावा किया. आनन-फानन में नवजात को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी

अस्पताल प्रशासन से सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. शुरुआत में परिजनों ने इसे महज एक हादसा बताते हुए कहा कि बच्ची दुर्भाग्यावश डूब गई. हालांकि, पुलिस को मामले की परिस्थितियों पर शक हुआ. जब पुलिस टीम ने परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की और इमरान से सख्ती दिखाई, तो वह टूट गया. उसने स्वीकार किया कि दूसरी बेटी के जन्म से परेशान होकर उसने ही बच्ची को पानी की टंकी में फेंका था. पत्नी मुस्कान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी इमरान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस फिलहाल मामले के सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here