पहले प्यार से खिलाई बिरयानी, फिर उतारा मौत के घाट! कांदिवली मर्डर केस में प्रेमी निकला कातिल

0
7
Mumbai Crime
Mumbai Crime

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके से एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां दामूनगर की सुनसान पहाड़ी पर एक 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. समता नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है. इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या की गुत्थी सुलझाने में मृतका के शव के पास मिला कॉलेज का एक साधारण-सा प्रश्नपत्र सबसे अहम कड़ी साबित हुआ. इसी सुराग के दम पर पुलिस मृतका की पहचान करने और फिर उसके हत्यारे प्रेमी तक पहुंचने में कामयाब रही.

पहाड़ी पर खून से लथपथ मिला शव

घटना की शुरुआत शुक्रवार सुबह हुई, जब कुछ राहगीरों ने दामूनगर लवडोंगर पहाड़ी इलाके में एक युवती का खून से लथपथ शव देखा. हत्यारे ने युवती के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत समता नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. छानबीन के दौरान पुलिस को शव के पास से एक नोटबुक बरामद हुई, जिसके भीतर कॉलेज की एक प्रश्नपत्रिका रखी हुई थी. पुलिस ने इसी प्रश्नपत्र को अपना मुख्य सुराग बनाया और कांदिवली स्थित संबंधित कॉलेज पहुंच गई. कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने पर पुलिस को पता चला कि वहां पढ़ने वाली एक छात्रा गुरुवार से ही लापता है. इसके बाद पुलिस तुरंत लापता छात्रा के कांदिवली स्थित घर पहुंची और परिजनों को तस्वीर दिखाकर शव की शिनाख्त की.

बिरयानी खाई फिर उतारा मौत के घाट

पुलिस की तकनीकी जांच, कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन खंगालने पर मृतका के 22 वर्षीय प्रेमी सूरज वाघमारे का नाम सामने आया, जो पेशे से एक डिलीवरी बॉय है. पुलिस ने जब सूरज को हिरासत में लिया, तो पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा. लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और तकनीकी सबूत सामने रखे, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया.

प्रेमिका को उतारा मौत के घाट

पूछताछ में यह बात सामने आई कि सूरज को अपनी प्रेमिका के अन्य दोस्तों से बातचीत करने पर शक था. इसके अलावा, छात्रा उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि सूरज अभी शादी के लिए तैयार नहीं था. इसी विवाद के कारण उसने हत्या की खौफनाक साजिश रची. गुरुवार को सूरज ने छात्रा को मिलने के लिए दामूनगर की पहाड़ी पर बुलाया. वहां दोनों ने साथ बैठकर बिरयानी खाई और कई घंटे बिताए. इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे सूरज ने चाकू नुमा धारदार हथियार से प्रेमिका के गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

पिता के साथ ढूंढने का करता रहा नाटक

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरज ने मृतका का मोबाइल फोन बंद कर दिया और उसका बैग लेकर दामूनगर के लहू जी चॉल स्थित अपने घर आ गया. शातिर आरोपी ने खुद पर शक न होने देने के लिए एक और चाल चली. वह शाम को सीधे प्रेमिका के घर पहुंच गया और परिजनों के सामने अनजान बनने का नाटक करने लगा. इतना ही नहीं, वह पीड़ित पिता के साथ मिलकर खुद अपनी ही प्रेमिका को ढूंढने का ढोंग करता रहा. डीसीपी गजानन राजमाने ने बताया कि समता नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया है, जहां से उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here