पूर्व मंत्री की हत्या से ब्रिटेन में सनसनी, हत्या में आरोपी को किया गिरफ्तार

0
11
Ann Widdecombe
Ann Widdecombe

नई दिल्ली: ब्रिटेन की राजनीति से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आ रही है. कंजर्वेटिव पार्टी की कद्दावर नेता और जॉन मेजर सरकार में पूर्व मंत्री रहीं 78 वर्षीय एन विडेकांब की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई है. वह दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के एक शांत ग्रामीण इलाके में स्थित अपने आवास पर मृत पाई गईं. पुलिस को उनके शव पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि एक सुनियोजित और बर्बर हत्याकांड है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर से पूरे ब्रिटेन में शोक और दहशत की लहर दौड़ गई है.

संदिग्ध कातिल गिरफ्तार

घटना की भनक लगते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें तुरंत हरकत में आ गईं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के संदेह में एक 28 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी युवक को विडेकांब के घर से करीब 15 किलोमीटर दूर न्यूटन एबाट नाम के इलाके से हिरासत में लिया गया. हालांकि, पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अभी तक अपना मुंह नहीं खोला है और हत्या की असली वजह का पता चलना बाकी है. जांच एजेंसियां इस बात को खंगाल रही हैं कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है, चोरी-लूटपाट का मामला है या फिर इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक व वैचारिक साजिश है.

कंजर्वेटिव पार्टी का फायरब्रांड चेहरा थीं विडेकांब

एन विडेकांब सिर्फ एक नेता नहीं थीं, बल्कि ब्रिटिश सियासत का एक बेहद मुखर और कड़ा चेहरा मानी जाती थीं. जॉन मेजर के प्रधानमंत्री कार्यकाल में उन्होंने मंत्री के रूप में अहम जिम्मेदारियां संभाली थीं. अपने पूरे राजनीतिक जीवन के दौरान वह अपनी वैचारिक स्पष्टता और दक्षिणपंथी सिद्धांतों के लिए जानी जाती रहीं. विडेकांब गर्भपात और समलैंगिक संबंधों की घोर विरोधी थीं और इन मुद्दों पर उनके दिए गए तीखे बयानों ने उन्हें हमेशा सुर्खियों में रखा.

विडेकांब का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा

इस जघन्य हत्याकांड पर ब्रिटेन के कार्यवाहक प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने विडेकांब को जनसेवा के लिए सदैव समर्पित रहने वाली एक अटूट राजनेता बताया. पीएम स्टार्मर ने कहा कि देश के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी.

कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

विडेकांब दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के जिस शांत और ग्रामीण इलाके में रहती थीं, उसे बेहद सुरक्षित माना जाता था. ऐसे में एक पूर्व मंत्री का उनके ही घर के भीतर सुरक्षित न होना ब्रिटेन की कानून-व्यवस्था और वीआईपी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. फिलहाल स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी है. अधिकारियों का कहना है कि वे इस केस की तह तक जाएंगे और कातिल को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here