सोशल मीडिया पर PM मोदी को जान से मारने की धमकी, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

0
9
PM Narendra Modi
PM Narendra Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 जुलाई को प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. मेलबर्न में होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह टिप्पणी कार्यक्रम के प्रचार वाली पोस्ट के नीचे की गई थी. पोस्ट सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.

IP एड्रेस की पहचान, आरोपी की तलाश

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने धमकी देने वाली पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट किस व्यक्ति ने की और उसका उद्देश्य क्या था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के किसी कानून का उल्लंघन हुआ है. हालांकि, ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

सुरक्षा व्यवस्था की होगी कड़ी निगरानी

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और अन्य विशेष सुरक्षा एजेंसियों के पास होगी. सभी कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके. सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर आने वाली हर संदिग्ध गतिविधि पर भी नजर बनाए हुए हैं.

भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित

अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा वह मेलबर्न में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे. ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम को इस दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है. ऑनलाइन धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. जांच पूरी होने तक मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है, ताकि दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here