लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है. सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित स्कूलों और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों की गर्मी की छुट्टियों को बढ़ाने का फैसला किया है. नए आदेश के अनुसार अब स्कूल 25 जून से दोबारा खुलेंगे.
सरकार ने जारी किया नया आदेश
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि राज्य में हर वर्ष गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 24 जून तक रहेंगी. इसके बाद नियमित कक्षाएं 25 जून से शुरू की जाएंगी. पहले छुट्टियों के समाप्त होने के बाद स्कूल खुलने वाले थे, लेकिन बढ़ते तापमान को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
सरकार का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है. इससे पूरे प्रदेश में एक समान शैक्षणिक कैलेंडर लागू करने में भी मदद मिलेगी.
21 जून को स्कूलों में होगा योग दिवस कार्यक्रम
हालांकि छात्रों की नियमित पढ़ाई 25 जून से शुरू होगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान शिक्षक और छात्र योग सत्र में भाग लेंगे और योग के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी.
शिक्षकों को पहले करना होगा रिपोर्ट
नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों के लिए शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और अन्य कर्मचारियों को 22 जून से 24 जून के बीच स्कूल में उपस्थित होना होगा. इस दौरान वे नए सत्र से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे.
स्कूलों को दिए गए जरूरी निर्देश
सरकार ने स्कूल प्रबंधन को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसमें स्वच्छ पेयजल, नियमित बिजली आपूर्ति, मिड-डे मील की व्यवस्था, पाठ्यपुस्तकों का वितरण और स्कूल परिसर की साफ-सफाई शामिल है.
इसके अलावा स्कूल प्रबंधन समितियों की बैठक, बाल वाटिका कक्षाओं की तैयारी, शौचालयों और रसोईघर की सफाई तथा खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है. अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी स्थानीय अवकाश की घोषणा से पहले शैक्षणिक सत्र और नियमों को ध्यान में रखा जाए.














