चुनाव लड़ने में रोड़ा बना 2 बच्चों वाला कानून, पिता ने 6 साल की बेटी को नहर में डुबोया

0
21
maharashtra panchayat election

हैदराबादन: तेलंगाना और महाराष्ट्र से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर दिया है. एक पिता पर अपनी ही छह साल की बेटी की हत्या का आरोप है. बताया जा रहा है कि उसने पंचायत चुनाव लड़ने की इच्छा में यह खौफनाक कदम उठाया. महाराष्ट्र में पंचायत चुनाव लड़ने के लिए दो से अधिक बच्चों का न होना जरूरी है. नांदेड़ जिले के केरुड़ गांव के रहने वाले पांडुरंग कोंडामंगले के तीन बच्चे थे. उनकी दो जुड़वां बेटियां थीं और बाद में एक बेटा हुआ.

पुलिस के अनुसार, पांडुरंग पंचायत चुनाव लड़ना चाहता था. उसे लगा कि तीन बच्चों के कारण वह चुनाव नहीं लड़ पाएगा. इसी वजह से उसने अपनी ही बेटी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि 29 जनवरी को वह अपनी बेटी प्राची को महाराष्ट्र से तेलंगाना के निजामाबाद जिले में ले गया. 

नहर में ही छोड़ दिया शव

निजामाबाद के निजामसागर नहर के पास उसने प्राची को पानी में धक्का देकर मार डाला. घटना को छिपाने के लिए उसने शव को नहर में ही छोड़ दिया. कुछ दिन बाद नहर में एक बच्ची का शव मिला. शरीर काफी फूल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था. यह मामला बोधन ग्रामीण पुलिस स्टेशन के पास पहुंचा और जांच शुरू हुई.

सोशल मीडिया से मिली पहचान

पुलिस ने बच्ची की पहचान के लिए कई प्रयास किए. स्थानीय अखबारों में सूचना दी गई और सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई. एक कांस्टेबल ने शव की तस्वीर अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगाकर लोगों से जानकारी देने की अपील की. यह तस्वीर अन्य पुलिस स्टेशनों के साथ भी साझा की गई. इसी के जरिए सुराग मिला और बच्ची की पहचान प्राची के रूप में हुई. इसके बाद जांच तेज की गई और शक उसके पिता पर गया.

साजिश में और कौन शामिल?

पुलिस ने पांडुरंग को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही केरुड़ गांव के मौजूदा सरपंच गणेश शिंदे को भी हिरासत में लिया गया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने पांडुरंग को इस अपराध की योजना बनाने में मदद की. जांच अधिकारियों का कहना है कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा ने इस पिता को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर किया. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here