गाजियाबाद: नमो भारत ट्रेन के बाद अब गाजियाबाद की अंदरूनी सड़कों पर भी आधुनिक परिवहन का नया अध्याय लिखने की तैयारी है। शहर की यातायात व्यवस्था को रफ्तार देने और लोगों को जाम के झाम से राहत दिलाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) कोलकाता की तर्ज पर ई-ट्राम चलाने की योजना पर काम कर रहा है। योजना परवान चढ़ी तो शहर की सड़कों पर लंबी और आधुनिक ई-ट्राम दौड़ती नजर आएगी, जो सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदल सकती है।
24.7 मीटर लंबी ई-ट्राम में 240 यात्रियों की क्षमता
जीडीए की ओर से तैयार किए जा रहे प्रस्ताव की सबसे खास बात इसकी यात्री क्षमता है। प्रस्तावित ई-ट्राम की लंबाई 24.7 मीटर होगी और इसमें एक बार में करीब 240 यात्री सफर कर सकेंगे। यानी एक ही वाहन में बड़ी संख्या में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सड़कों पर बढ़ते यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मेट्रो और नमो भारत से दूर इलाकों पर नजर
नमो भारत जैसी तेज रफ्तार परिवहन सेवा के बाद ई-ट्राम की योजना गाजियाबाद के शहरी विकास को नई दिशा देने वाला कदम मानी जा रही है। खास तौर पर उन इलाकों में जहां मेट्रो और नमो भारत की सीधी पहुंच नहीं है, वहां बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। हालांकि अभी यह योजना तैयारी के स्तर पर है। इसके मार्ग, संचालन, लागत और समयसीमा को लेकर अंतिम निर्णय होना बाकी है।
Reported By: Pankaj Rai












