वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन की आस में उनके अनुयायियों ने अब यमुना पार स्थित यमुना विहार आश्रम का रुख कर लिया है। लंबे समय से वृंदावन के श्रीराधा केलिकुंज आश्रम में संत के लौटने का इंतजार कर रहे साधकों का धैर्य जवाब देने लगा तो उन्होंने शुक्रवार रात से ही आश्रम छोड़ना शुरू कर दिया। कभी हजारों साधकों की मौजूदगी से गुलजार रहने वाला श्रीराधा केलिकुंज अब लगभग सूना नजर आने लगा है। वहीं, रविवार सुबह यमुना विहार आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन होते ही भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। राधारानी के जयकारों से यमुना का तट गूंज उठा।
यमुना विहार में एकांतवास कर रहे महाराज, साधकों ने बदला ठिकाना
दरअसल, संत प्रेमानंद महाराज ने मई माह में अपनी नियमित रात्रिकालीन पदयात्रा, एकांतिक दर्शन और एकांतिक वार्ता स्थगित कर दी थी। इसके बाद से वह यमुना पार जहांगीरपुर स्थित अपने नए आश्रम यमुना विहार में एकांतवास कर रहे हैं। इस दौरान कभी-कभार श्रीराधा केलिकुंज पहुंचकर अनुयायियों को दर्शन देते रहे, लेकिन लंबे समय से उनके वृंदावन स्थित आश्रम में वापस आने की संभावना नहीं दिखने पर साधकों ने भी अपना ठिकाना बदलना शुरू कर दिया। शुक्रवार रात से साधक अपने सामान के साथ श्रीराधा केलिकुंज से निकलकर यमुना विहार आश्रम पहुंचने लगे।
दर्शन की खबर मिलते ही जुटे पांच हजार भक्त
रविवार सुबह करीब चार बजे संत प्रेमानंद महाराज ने अपने अनुयायियों को दर्शन देने का निर्णय लिया। इसकी जानकारी मिलते ही रात से ही आश्रम के बाहर भक्तों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। सुबह तक करीब पांच हजार साधक और अनुयायी दर्शन की प्रतीक्षा में एकत्रित हो गए। महाराज के सामने आते ही श्रद्धालुओं ने राधारानी के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और यमुना का किनारा जयकारों से गूंज उठा। लंबे इंतजार के बाद संत के दर्शन पाकर साधकों के चेहरे खिल उठे।
केलिकुंज आश्रम में पसरा सन्नाटा, वजह स्पष्ट नहीं
उधर, श्रीराधा केलिकुंज आश्रम में साधकों की संख्या बेहद कम होने से वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस आश्रम में संत प्रेमानंद की मौजूदगी के दौरान हजारों साधक सेवा और व्यवस्थाओं में जुटे रहते थे, वहां अब वीरानी नजर आ रही है। हालांकि, श्रीराधा केलीकुंज आश्रम ट्रस्ट की ओर से आश्रम खाली होने के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में साधकों के यमुना विहार पहुंचने और केलिकुंज आश्रम के खाली होने को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
Reported By: Prem Kaushik












