पवन सिंह ने परिवार से तोड़ा रिश्ता, भावुक पोस्ट में बोले- आज से खानदान से कोई नाता नहीं

0
4

नई दिल्ली: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और बीजेपी नेता पवन सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई गाना या फिल्म नहीं, बल्कि उनका पारिवारिक फैसला है। पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने परिवार और खानदान के ज्यादातर लोगों से रिश्ता खत्म करने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को इस फैसले से अलग रखा है। उनके इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। पवन सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि घर-परिवार के मामलों में पड़कर इंसान कई बार सब कुछ भूल जाता है। उन्होंने कहा कि अब बर्दाश्त की सीमा पार हो चुकी है और वह बेहद दुखी होकर यह बात कह रहे हैं। पवन सिंह ने भोजपुरी समाज से माफी मांगते हुए लिखा कि आज से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है।

मां और बड़े भाई के लिए कही खास बात

अपने पोस्ट में पवन सिंह ने मां और बड़े भाई रानू सिंह का जिक्र भी किया। उन्होंने साफ किया कि उन्हें जन्म देने वाली मां और सबसे बड़े भाई के लिए वह हमेशा खड़े रहेंगे। दोनों के लिए उन्होंने कहा कि जब तक जिंदा हैं, उनकी जान हाजिर है। पोस्ट के आखिर में उन्होंने खुद को भोजपुरिया समाज के परिवार का छोटा सदस्य बताया।

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

पवन सिंह की इस पोस्ट के वायरल होते ही उनके फैंस और समर्थकों के बीच चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे उनकी निजी जिंदगी का दर्द बता रहे हैं, तो कुछ इसे परिवार में चल रहे तनाव से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह फैसला किस वजह से लिया है, इस बारे में कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है। पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी सुर्खियों में रही है। उनकी पहली शादी साल 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। कुछ समय बाद नीलम का निधन हो गया। इसके बाद पवन सिंह का नाम अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ भी जुड़ा। बाद में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी की। हालांकि, कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में तनाव आ गया और मामला तलाक तक पहुंच गया। फिलहाल दोनों के तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here