पुष्कर सिंह धामी और शिवराज सिंह चौहान पहुंचे परखम, गौ संरक्षण की परियोजनाओं का किया शिलान्यास-लोकार्पण

0
10

मथुरा: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली नगला चंद्रभान के समीप परखम गांव में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्राकृतिक खेती को किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि गोबर, गोमूत्र और प्राकृतिक संसाधनों से खेती करने पर किसानों की आमदनी दोगुनी हो सकती है। रासायनिक खाद का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल खेतों को नुकसान पहुंचाता है। किसानों को अपनी जमीन के छोटे से हिस्से में ही सही, प्राकृतिक खेती जरूर शुरू करनी चाहिए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कामकाज की भी सराहना की।

गौशाला से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

परखम गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित समारोह में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। पशु चिकित्सालय महाविद्यालय, आवासीय परिसर और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का शिलान्यास हुआ, जबकि श्री नंदेश्वर छात्रावास के हॉस्टल और अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेदिक अनुसंधान केंद्र का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही पशु आयुर्वेदिक पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय डिप्लोमा पुस्तक का विमोचन भी किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि और राधारानी की जन्मस्थली मथुरा में आकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हो रही है। ब्रज की धरती के कण-कण में राधा-कृष्ण का वास है और यहां साधु-संतों का सानिध्य भी मिलता है।

गौ आधारित खेती से किसानों को आर्थिक लाभ का भरोसा

उन्होंने कहा कि कामधेनु गौशाला के माध्यम से गौ संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में अद्भुत कार्य किए जा रहे हैं। यहां गोमाता के लिए सुपर फूड तैयार करने के साथ गोबर, गोमूत्र, दूध, दही और घी पर अनुसंधान किया जा रहा है। गौ आधारित प्राकृतिक खेती से किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे गौपालन जारी रखें और अपनी जमीन के छोटे हिस्से में प्राकृतिक खेती जरूर करें। यूरिया और अन्य रासायनिक खादों का जरूरत से अधिक प्रयोग फसलों और जमीन के लिए नुकसानदायक है। आने वाली पीढ़ियों के लिए खेती को उपयोगी बनाए रखना है तो रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करनी होगी। केमिकल मुक्त खेती विकसित भारत की सोच का हिस्सा है। गांवों को गरीबी से मुक्त करना प्रधानमंत्री का सपना है। उन्होंने दावा किया कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं और अब 2.7 प्रतिशत आबादी इस दायरे में शेष है। इस दौरान उन्होंने लोगों को नशा छोड़ने का संकल्प भी दिलाया। कहा कि ब्रज की धरती पर रहकर गाय की सेवा करें और गाय का दूध पीकर अपने शरीर को स्वस्थ बनाएं।

अनुसंधान केंद्र में गौ उत्पादों पर होंगे वैज्ञानिक प्रयोग

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परखम में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। यहां स्थापित अनुसंधान केंद्र में गोमूत्र, गोबर, दूध, दही और घी पर वैज्ञानिक तरीके से प्रयोग किए जाएंगे। इसका उद्देश्य गोमाता को स्वस्थ और प्रसन्न रखने के साथ गौ आधारित उत्पादों और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मौजूद रहे। इसके अलावा निरंजन पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय उत्तराखंड के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या और भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी सहित शिक्षाविद, विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षक, विद्यार्थी और समाजसेवी शामिल हुए।

 

Reported By: Prem Kaushik 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here