गुरुग्राम: बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को क्या पता था कि उसके पीछे शातिर चोरों की नजर लगी हुई है। बैंक से ही शुरू हुआ पीछा क्लीनिक के बाहर चोरी की वारदात में बदल गया। पीड़ित कुछ देर के लिए क्लीनिक के अंदर गया और बदमाश उसकी दोपहिया गाड़ी पर रखा एक लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच बिलासपुर ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बैंक से शुरू हुई शिकार की तलाश
पुलिस के मुताबिक 27 अक्टूबर को पीड़ित ने पटौदी सिटी पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह पटौदी स्थित बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहा था। रास्ते में एक स्वास्थ्य क्लीनिक पर रुकने के दौरान उसने नकदी से भरा बैग अपनी दोपहिया गाड़ी पर रख दिया। क्लीनिक से बाहर लौटने पर बैग गायब मिला। अज्ञात चोर नकदी लेकर फरार हो चुका था।
सीसीटीवी और जांच के बीच आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच बिलासपुर की टीम ने जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 नवंबर को सेक्टर-23 स्थित कार्टरपुरी रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 36 वर्षीय अजब सिंह निवासी कोठी कस्बा जना, जिला औरैया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ पटौदी स्थित एचडीएफसी बैंक की रेकी की थी। दोनों ने शिकायतकर्ता को बैंक से नकदी निकालते देखा और उसका पीछा शुरू कर दिया। रास्ते में पीड़ित के सामान खरीदने के लिए रुकने के दौरान आरोपियों ने मौका पाकर नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए।
पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
पुलिस जांच में आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड में उत्तर प्रदेश में जुआ अधिनियम और दुष्कर्म समेत तीन मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उसके फरार साथी और चोरी की रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।











