अनंत सिंह के यहां शादी में अनोखा नजारा, किसी ने कार्टन तो किसी ने अखबार पर परोसा खाना

0
7

नई दिल्ली: मोकामा में विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का भोज इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, दावत के वीडियो में खाने के लिए मची अफरा-तफरी साफ नजर आ रही है। एक वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि दावत में पत्तल कम पड़ गईं। इसके बाद कुछ लोग कार्टन में खाना लेकर खाते नजर आए। वीडियो में लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। खाने को लेकर काफी अफरा-तफरी का माहौल नजर आता है।

वीडियो में खाने की पत्तल पाने के लिए लोगों के बीच होड़ दिखाई दे रही है। पत्तल लेने की कोशिश में कई लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते तक नजर आ रहे हैं। वीडियो को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि खाने के समय वहां कितनी भीड़ जमा थी।

कार्टन बना प्लेट

ऐसा ही एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग पत्तल नहीं मिलने पर खाना रखने के लिए जो भी सामान मिल रहा है, उसी का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। कोई कार्टन में खाना रख रहा है तो कोई दूसरी चीज को प्लेट की तरह इस्तेमाल कर रहा है। वीडियो में दावत के दौरान खाने को लेकर लोगों की जद्दोजहद साफ दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक शख्स दावत का हाल बताते हुए कहता सुनाई देता है कि यहां खाना पाना जंग जीतने जैसा है। उसने कहा कि आपके भाई ने खाना पा लिया, जंग जीत ली। रसगुल्ला लूट लिया गया और हमें मिला ही नहीं।

पनीर छांटते दिखे लोग

खाने की चीजों को लेकर भी आपाधापी दिखी। एक अन्य वीडियो में लोग खाने की चीजों के बीच से अपनी पसंद की चीजें निकालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग पनीर की सब्जी से पनीर छांटते नजर आते हैं। इन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स जहां शादी में जुटी भारी भीड़ की चर्चा कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग खाने के दौरान लोगों के व्यवहार और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कार्टन में खाना खाने और पत्तल के लिए मची होड़ वाले वीडियो को लेकर लोग इसे सिविक सेंस से भी जोड़ रहे हैं।

10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा

शादी से जुड़े एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अनंत सिंह की बेटी की शादी के भोज में करीब 10 लाख लोग पहुंचे। हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जरूर दिखाई दे रही है। भव्य शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कई वीडियो पहले से ही सामने आ चुके हैं। अब दावत से जुड़े कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें खाने के दौरान अव्यवस्था और लोगों की अजीबोगरीब हरकतें दिखाई दे रही हैं।

अनंत सिंह की बेटी की शादी से जुड़े कई वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कहीं खाने के लिए भीड़ उमड़ती दिख रही है तो कहीं पत्तल के लिए लोगों में होड़ नजर आ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों और उनकी पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here