चीन का अनोखा रेस्टोरेंट, जहां बिना बोले इशारों से ऑर्डर करते हैं लोग, मालिकों की कहानी जीत लेगी दिल

0
5

नई दिल्ली: आमतौर पर रेस्टोरेंट में खाना ऑर्डर करने के लिए वेटर को आवाज लगानी पड़ती है, लेकिन चीन में एक ऐसा रेस्टोरेंट है, जहां बिना कुछ बोले भी आप अपनी पसंद का खाना मंगवा सकते हैं। यहां ग्राहक हाथों के इशारों और साइन लैंग्वेज के जरिए अपना ऑर्डर देते हैं। इस रेस्टोरेंट को यिन यिंग और उनके पति फेंग याबिन चलाते हैं। खास बात यह है कि दोनों को सुनने में परेशानी होती है। इसके बावजूद उन्होंने न सिर्फ अपना कारोबार शुरू किया, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के रास्ते खोले हैं। चीन के शांक्सी प्रांत के ताइयुआन शहर में स्थित इस रेस्टोरेंट का नाम ‘चाओशान डेफ सिस्टर’ है। यहां मुख्य रूप से स्टीम्ड राइस रोल यानी भाप में पकाए गए चावल के रोल मिलते हैं। रेस्टोरेंट की खासियत है कि ग्राहकों को खाना ऑर्डर करने के लिए बोलने की जरूरत नहीं पड़ती।

 इशारों से देते हैं खाने का ऑर्डर

इस रेस्टोरेंट में साइन लैंग्वेज का चार्ट रखा गया है, जिसकी मदद से ग्राहक अपनी पसंद बता सकते हैं। जिन्हें सांकेतिक भाषा नहीं आती, वे मेन्यू में अपनी पसंद की डिश की तरफ इशारा करके भी ऑर्डर दे सकते हैं। कर्मचारी आसानी से उनकी बात समझ लेते हैं।

इस तरह बिना बातचीत के भी ग्राहक आराम से खाना ऑर्डर कर सकते हैं।

 सुनने में परेशानी वाले लोगों को देते हैं नौकरी

यिन यिंग और फेंग याबिन ने अपने रेस्टोरेंट में ऐसे लोगों को भी काम दिया है, जिन्हें सुनने में परेशानी होती है। इससे उन्हें रोजगार मिला है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। यहां सभी कर्मचारी मिलकर काम करते हैं और ग्राहकों की सेवा करते हैं।

यह कपल सिर्फ कारोबार ही नहीं करता, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद भी करता है। जिन लोगों के पास खाना खरीदने के पैसे नहीं होते, उन्हें मुफ्त में भोजन दिया जाता है। इनमें छात्र और सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं।

इस रेस्टोरेंट की चर्चा तब और बढ़ गई, जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वहां पहुंचा और उसने बताया कि उसके पास खाना खाने के पैसे नहीं हैं। कपल ने उसे बिना पैसे लिए खाना खिलाया। इतना ही नहीं, उन्होंने काउंटर पर रखे पैसे भी उसे देने की पेशकश की। इन्फ्लुएंसर ने इस पूरे अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद दोनों की दरियादिली की खूब चर्चा होने लगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here