दो बहनों की जिंदगी में लौटी खुशियों की दस्तक, दिल्ली पुलिस बनी हमदर्द; पिता से कराया सुरक्षित मिलन

0
4

नई दिल्ली: अपनों से बिछड़कर अनजान शहर की गलियों में भटक रहीं दो नाबालिग बहनों की जिंदगी में दिल्ली पुलिस ने उम्मीद की नई रोशनी जगा दी। मध्य प्रदेश से घर छोड़कर दिल्ली पहुंची 10 और 17 साल की दोनों बहनों को केंद्रीय जिला पुलिस ने अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और करीब दो महीने तक चले लगातार प्रयासों के बाद सुरक्षित तलाश लिया। पुलिस ने न केवल दोनों की पहचान स्थापित कर उनके पिता को खोज निकाला, बल्कि बाल कल्याण समिति के निर्देश पर दोनों बहनों को सकुशल उनके पिता के सुपुर्द भी कर दिया।

एक नजर ने पहचाना खतरा, संवेदनशीलता ने जीता भरोसा

मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को उपनिरीक्षक किरण सेठी महिला कांस्टेबल रीना और महिला कांस्टेबल सुनीता के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर ई-रिक्शा से उतरकर अकेले जा रही दो लड़कियों पर पड़ी। दोनों घबराई हुई और सहमी नजर आ रही थीं। महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनके पास पहुंचकर बातचीत शुरू की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी मदद और सुरक्षा के लिए है। शुरुआत में दोनों लड़कियां अपनी पहचान, घर का पता और परिवार की जानकारी देने से कतरा रही थीं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य और संवेदनशीलता से काम लिया। उसी दिन दोनों को सुरक्षित देखभाल के लिए उड़ान आश्रय गृह में पहुंचाया गया।

दो महीने की काउंसलिंग, आखिरकार खुला राज

महिला पुलिसकर्मियों ने लगभग दो महीने तक लगातार बातचीत और समझाइश के जरिए दोनों बहनों का विश्वास जीतने की कोशिश जारी रखी। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और लड़कियों ने अपनी पहचान पी (10 वर्ष) और एस (17 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों मध्य प्रदेश की रहने वाली थीं और परिवार को बिना बताए रोजगार की तलाश में दिल्ली आ गई थीं।लड़कियों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पिता आर्थिक परेशानियों के चलते तनाव में रहते थे और कई बार उन्हें डांटते तथा थप्पड़ भी मारते थे। घरेलू परिस्थितियों से परेशान होकर दोनों ने दिल्ली आकर काम करने और अपने पैरों पर खड़े होने का फैसला किया था।

पुलिस की मेहनत लाई रंग, पिता तक पहुंचा बेटियों का पता

दोनों बहनों की सुरक्षा और भविष्य को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी और बाल कल्याण समिति-तीन को दी। आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद दोनों को आश्रय गृह में सुरक्षित रखा गया। उनकी पहचान सामने आने के बाद पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में उनके घर और परिवार का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। फील्ड स्तर पर जानकारी जुटाई गई और संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और दोनों बहनों के पिता का पता लगाकर उनसे संपर्क किया गया। बेटियों के सुरक्षित मिलने की सूचना पर पिता ने बताया कि परिवार भी काफी समय से उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

बाल कल्याण समिति के आदेश पर परिवार से मिलन

23 नवंबर 2026 को पिता को दिल्ली बुलाया गया। दोनों बहनों को आश्रय गृह से लाकर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। पिता की पहचान और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद समिति के निर्देशानुसार दोनों बहनों को सुरक्षित उनके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान उनका सामान भी परिवार को वापस सौंप दिया गया।

वर्दी का फर्ज निभाया, शिक्षा के सपनों को भी दिए पंख

इस पूरे अभियान का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया, जब छोटी बहन ने आगे पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई। उसके सपनों को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्रीय जिला पुलिस ने उसे स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां, पेन, पेंसिल और रंगों की किट भेंट की। पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि वर्दी का फर्ज केवल सुरक्षा देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के भविष्य को संवारने में सहयोग करना भी है। केंद्रीय जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की यह कार्रवाई संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल बनकर सामने आई है। सतर्क गश्त, महिला पुलिसकर्मियों की समझदारी, लगातार काउंसलिंग और परिवार को तलाशने के समर्पित प्रयासों ने दो बहनों को सुरक्षित उनके अपनों तक पहुंचा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here