मथुरा: शादी की चकाचौंध, मेहमानों की भीड़ और खुशियों के बीच शातिर चोरों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो बाराती बनकर समारोह में दाखिल होता है और पलक झपकते ही लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर गायब हो जाता है। अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गैंग की इस कार्यशैली ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। गिरोह की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का इस्तेमाल किया जाता है। शादी का सीजन शुरू होते ही इस गिरोह की सक्रियता को देखते हुए मथुरा पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
रेकी के बाद बच्चों से कराते हैं चोरी
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी गांवों से जुड़े इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद संगठित है। गिरोह के सदस्य महंगे कपड़े पहनकर किसी शादी में बाराती और मेहमान बनकर पहुंचते हैं। इनके चेहरे और पहनावे से किसी को शक तक नहीं होता। समारोह में पहुंचने से पहले गिरोह के सदस्य कार्यक्रम स्थल की रेकी करते हैं। किस परिवार की शादी है, कौन लोग कीमती सामान लेकर आए हैं और नकदी-जेवरात के बैग कहां रखे जा रहे हैं, इस पर नजर रखी जाती है। मौका मिलते ही बच्चों को भीड़ में भेजकर बैग पार करा दिया जाता है।
सात सदस्य, सबकी जिम्मेदारी तय
पुलिस के मुताबिक गिरोह में सामान्यत: सात सदस्य शामिल होते हैं। हर सदस्य की जिम्मेदारी पहले से तय रहती है। कोई समारोह स्थल पर निगरानी करता है तो कोई मेहमानों का ध्यान भटकाता है। चोरी करने के लिए बच्चों को आगे किया जाता है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य बाहर वाहन लेकर तैयार रहते हैं। वारदात होते ही सभी योजनाबद्ध तरीके से वहां से निकल जाते हैं। गिरोह के सदस्य खासतौर पर बड़े व्यापारियों और संपन्न परिवारों के विवाह समारोहों को निशाना बनाते हैं। होटल, मैरिज गार्डन और बड़े आयोजन स्थल इनके निशाने पर रहते हैं।
कई राज्यों में फैला गिरोह का नेटवर्क
इस गिरोह का नेटवर्क केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। शादी-विवाह के सीजन में मथुरा और आगरा क्षेत्र में इनकी सक्रियता बढ़ जाती है। यही वजह है कि पुलिस ने विवाह समारोहों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
एसएसपी ने जारी की सतर्कता की अपील
एसएसपी श्लोक कुमार ने लोगों से कहा है कि समारोह में नकदी और जेवरात से भरे बैग को कभी अकेला न छोड़ें और न ही किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे रखें। संदिग्ध रूप से घूम रहे बच्चों और अनजान लोगों पर नजर रखें। होटल, मैरिज होम और गार्डन संचालकों को प्रवेश द्वार सहित प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के पोस्टर और फोटो भी जारी किए हैं। इनमें दिखाई देने वाला कोई व्यक्ति शादी समारोह या उसके आसपास नजर आए तो तत्काल सूचना दें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9454403946 और क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी के नंबर 9454401269 पर भी जानकारी दी जा सकती है।
Reported By: Prem Kaushik












