सिग्नेचर ब्रिज पर आधी रात का खौफनाक खेल बेनकाब, महिला बन राहगीरों को रोकता था शातिर मोनू, साथी मिलकर करते थे लूटपाट

0
15

नई दिल्ली: सुनसान सड़क, सुबह का सन्नाटा और मदद के लिए हाथ हिलाता महिला के भेष में खड़ा एक शख्स, लेकिन मदद की यह पुकार दरअसल लूटपाट का जाल थी। दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज और यमुना खादर इलाके में राहगीरों को निशाना बनाने वाले इस शातिर गिरोह का उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने दो कुख्यात लुटेरों मोनू उर्फ चाइनीज और सागर शर्मा को गिरफ्तार कर दो वारदातों का खुलासा किया है।

टेंपो चालक को रोककर चार बदमाशों ने की लूटपाट

नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 18 नवंबर की सुबह करीब 4:05 बजे पीड़ित टेंपो में प्लाईवुड का सामान लेकर अशोक विहार, बुराड़ी जा रहा था। सिग्नेचर ब्रिज के पास महिला के कपड़ों में खड़े मोनू ने मदद का इशारा किया। चालक जैसे ही नीचे उतरा, मोनू ने उसे पकड़ लिया और पीछे से दूसरे बदमाश ने गला दबोच लिया। इसी बीच दो अन्य साथियों ने मोबाइल, 2500 रुपये और तीन चाबियां लूट लीं।

महिलाओं के कपड़े पहनकर वाहन चालकों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक मोनू उर्फ चाइनीज महिलाओं के कपड़े पहनकर सुनसान रास्तों पर अकेले गुजरने वाले वाहन चालकों को मदद के बहाने रोकता था। जैसे ही चालक वाहन से उतरता, झाड़ियों और सुनसान जगहों में छिपे उसके साथी अचानक हमला कर देते और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।

तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से दो आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद न्यू उस्मानपुर थाने में मुकदमा संख्या 730/2026 दर्ज कर जांच शुरू हुई। एसआई उदित, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र और कांस्टेबल हनी की टीम ने तकनीकी जांच, मुखबिरों और लगातार प्रयासों के जरिए मोनू उर्फ चाइनीज और सागर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट के 1400 रुपये बरामद हुए।

बाबा श्याम गिरि मंदिर के पास हुई लूट का भी खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बाबा श्याम गिरि मंदिर के पास इसी तरीके से लूट की वारदात करना भी स्वीकार किया। शास्त्री पार्क थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2026 का भी खुलासा हुआ।

मोनू पर 13 और सागर पर पांच आपराधिक मामले दर्ज

मोनू पर हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 13 मामले दर्ज हैं, जबकि सागर पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

इंस्पेक्टर सूर्या प्रकाश के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सूर्या प्रकाश, एसएचओ न्यू उस्मानपुर के नेतृत्व में हुई। टीम एसीपी सीलमपुर सुशील कुमार की निगरानी में काम कर रही थी।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here