वृंदावन पुलिस की तत्परता से लौटी परिवार की खुशियां,दो घंटे में मासूम को परिजनों से मिलाया

0
12

वृंदावन: ठाकुर बांके बिहारी की नगरी में दर्शन के लिए आए एक परिवार की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब निधिवन में दर्शन के दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी अचानक लापता हो गई। भीड़ के बीच बच्ची के नजरों से ओझल होते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिवार की चिंता बढ़ती चली गई। हालांकि, वृंदावन पुलिस की तत्परता और एक स्थानीय युवक की सूझबूझ से महज दो घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता से मिलवा दिया गया।

स्थानीय युवक ने रोती हुई बच्ची को पुलिस के हवाले किया

जानकारी के अनुसार, जिला बहराइच के गांव गंगापुर गुलेरिया निवासी एक परिवार गुरुवार को वृंदावन दर्शन करने पहुंचा था। परिवार निधिवन में दर्शन कर रहा था, इसी दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी सवी पुत्री शिवम शर्मा अनजाने में परिजनों से बिछड़ गई। मासूम घूमते हुए मंदिर परिसर से बाहर निकल आई। इस बीच एक स्थानीय युवक की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी। उसने बिना देर किए बच्ची को कोतवाली वृंदावन पहुंचा दिया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद परिवार से मिलाई बच्ची

उधर, बेटी के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने निधिवन और आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान पुलिस ने भी बच्ची की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों की तलाश की और आखिरकार करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मासूम सवी को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने जताया आभार

लंबे समय तक बेटी से बिछड़ने के बाद उसे सकुशल सामने देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने वृंदावन पुलिस की तत्परता और स्थानीय युवक की इंसानियत की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक परिवार को बड़ी राहत मिली।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here