मथुरा मथुरा के सेमरी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां और ढाई साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि पति सुरक्षित बच गया।छाता कोतवाली क्षेत्र के सेमरी फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला और उसकी ढाई साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। एक ही परिवार की दो सदस्यों की मौत से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
गुड़गांव से भरतपुर जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पवन कुमार अपनी पत्नी मीनाक्षी (35) और ढाई वर्षीय बेटी वंशिका के साथ बाइक से गुड़गांव से राजस्थान के भरतपुर जा रहे थे। बृहस्पतिवार को जैसे ही उनकी बाइक छाता कोतवाली क्षेत्र के सेमरी फ्लाईओवर पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मीनाक्षी और उनकी मासूम बेटी वंशिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। चोट इतनी गंभीर थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पवन कुमार इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Reported By: Prem Kaushik












