ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को 27 साल की सजा, ईरान के लिए करता था काम

0
11

नई दिल्ली: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई बड़े नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को बड़ी सजा मिली है। ब्रुकलिन की संघीय अदालत ने 48 के आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। मर्चेंट पर आरोप था कि वह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के लिए काम कर रहा था और अमेरिका में नेताओं की हत्या कराने के लिए सुपारी किलर ढूंढ रहा था।

जांच में सामने आया कि मर्चेंट ने हत्या के लिए जिन लोगों से संपर्क किया था, वे असल में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह शुरू से ही एजेंसी की नजर में है।

सुलेमानी की मौत का बदला था मकसद

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी साजिश के पीछे जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने का मकसद था। ईरान इसी का बदला लेने के लिए मर्चेंट को अमेरिका भेजा गया था।

अदालत में मर्चेंट ने खुद स्वीकार किया कि वह आईआरजीसी के लिए काम करता था। वह करीब 2022 में इस संगठन से जुड़ा था। एक रिश्तेदार के जरिए उसकी मुलाकात संगठन के हैंडलर यूसुफ मेरहारदाद से हुई। इसके बाद करीब डेढ़ साल में दोनों की तेहरान में लगभग 15 बार मुलाकात हुई। इन बैठकों में मर्चेंट को खुफिया गतिविधियों की ट्रेनिंग दी गई और अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

ट्रंप, बाइडेन और निक्की हेली थे निशाने पर

मर्चेंट ने अदालत में बताया कि उसे लगता था कि साजिश का मुख्य निशाना डोनाल्ड ट्रंप होंगे। इसके अलावा जो बाइडेन और निक्की हेली के नाम भी संभावित निशाने के तौर पर सामने आए थे। उस समय तीनों अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। अप्रैल 2024 में ईरान से अमेरिका पहुंचने के बाद मर्चेंट ने अपने एक परिचित से मदद मांगी। उस व्यक्ति ने इसकी जानकारी एफबीआई को दे दी और जांच एजेंसी का मुखबिर बन गया। इसके बाद मर्चेंट ने जिन लोगों को सुपारी किलर समझकर संपर्क किया, वे असल में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे।

5 हजार डॉलर दिए, ट्रंप की रैली की लोकेशन खोजी

मर्चेंट ने इन एजेंटों से तीन बार मुलाकात की। उसने बताया कि वह विदेश में बैठे कुछ लोगों के साथ मिलकर एक नेता की हत्या कराना चाहता है। इसके बाद उसने शुरुआती भुगतान के तौर पर 5 हजार डॉलर दिए। यह रकम उसने विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों की मदद से जुटाई थी। जांच के दौरान मर्चेंट के लैपटॉप, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट से भी अहम सबूत मिले। इनमें 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और ट्रंप की रैलियों से जुड़ी इंटरनेट सर्च शामिल थीं। उसने गूगल मैप्स पर न्यू जर्सी में ट्रंप की एक रैली की जगह भी खोजी थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर सुलेमानी की तारीफ करने वाली पोस्ट भी मिलीं।

एयरपोर्ट जाते समय पकड़ा गया

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मर्चेंट को टेक्सास के रिचमंड में उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अमेरिका छोड़ने के लिए एयरपोर्ट जाने वाला था। अदालत ने उसे सीमाओं के पार आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का दोषी पाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here