शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में धमाके, एयरपोर्ट के पास दो ब्लास्ट से मचा हड़कंप

0
9

नई दिल्ली: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच राजधानी ढाका में बम धमाकों से हड़कंप मच गया है। हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो देसी बम धमाके हुए, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। धमाकों के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस के मुताबिक, पहला धमाका एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा धमाका एयरपोर्ट के नजदीक उत्तरा के जसीमुद्दीन इलाके में हुआ।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों घायलों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि अज्ञात लोगों ने फ्लाईओवर से बम फेंके थे। घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन धमाकों ने बांग्लादेश में पहले से जारी राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है। कहा जा रहा है कि इसकी वजब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी है। हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद भारत में रह रही हैं और दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने की बात कह चुकी हैं।

सोमवार रात हुए धमाके, मंगलवार को मिली जानकारी

ढाका ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक, सोमवार रात दो अलग-अलग जगहों पर देसी बम फटे, जिसकी जानकारी मंगलवार यानी 17 नवंबर को हुई। पहला धमाका हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास हुआ। दूसरा धमाका उत्तरा के जसीमुद्दीन इलाके में हुआ, जो एयरपोर्ट और फ्लाईओवर के नजदीक है।

शेख हसीना की वापसी की चर्चाओं के बीच देश के कई हिस्सों में आगजनी, बम धमाके और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, अभी तक एयरपोर्ट के पास हुए धमाकों का शेख हसीना की वापसी से कोई सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

शेख हसीना की वापसी से पहले क्यों बढ़ रहा तनाव?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थीं। उन्होंने करीब 15 साल तक देश की सत्ता संभाली थी। उनके जाने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक हालात लगातार बदलते रहे हैं। अब हसीना ने दिसंबर 2026 में देश लौटने की इच्छा जताई है। उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। हसीना की पार्टी अवामी लीग पर बांग्लादेश में राजनीतिक गतिविधियों और चुनावों में हिस्सा लेने पर बैन लगा हुआ है।

हसीना को 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। बांग्लादेश सरकार ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है।

बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुलिस अलर्ट

लगातार हो रही हिंसा को देखते हुए बांग्लादेश की पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस मोहम्मद अली हुसैन फकीर ने देश के सभी 64 जिलों के पुलिस प्रमुखों को विशेष निर्देश दिए हैं। ढाका, गोपालगंज और दूसरे संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी है। दिसंबर के दौरान इन इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जाएगी। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here