नई दिल्ली: फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को दुनिया की नजरें टिकी हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप क्वाड समूह की बैठक में एक साथ नजर आएंगे। इसके साथ ही मनीला में आसियान और ईस्ट एशिया समिट का भी आयोजन हो रहा है, जिसमें कई देशों के बड़े नेता हिस्सा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान समिट को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया कई संकटों से गुजर रहा है और ऐसे समय में विश्व को शांति और स्थिरता की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी, जिससे आपसी साझेदारी को नई दिशा दी जा सकती है।
ट्रंप के लिए पहली क्वाड बैठक
अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के समूह क्वाड की यह बैठक राष्ट्रपति ट्रंप के लिए पहली होगी। यह बैठक पिछले सम्मेलन के करीब दो साल बाद हो रही है। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन इसे अपनी विदेश नीति की बड़ी उपलब्धि मानते थे। यह बैठक चीन में होने वाले एपेक सम्मेलन से ठीक पहले हो रही है, जिसकी मेजबानी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग करेंगे। जिनपिंग पहले भई क्वाड पर बीजिंग को घेरने की कोशिश का आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि, क्वाड के सदस्य देशों का कहना है कि यह समूह किसी एक देश के खिलाफ नहीं है।
Sharing my remarks at the 23rd ASEAN-India Summit in Manila. https://t.co/XDyIFZ56N1
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2026
खालसा दीवान गुरुद्वारा पहुंचे PM मोदी
फिलीपींस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे भी पहुंचे। यहां उन्होंने पुनर्निर्माण की ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया और स्थानीय सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात की।
चीन में जिनपिंग, पुतिन और किम से मिल सकते हैं ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार को वॉशिंगटन से अपने एशिया दौरे पर रवाना हुए। मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज से एयर फोर्स वन में उनके साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट भी मौजूद रहे। फिलीपींस रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि इसके बाद वह चीन जाएंगे, जहां उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से मुलाकात हो सकती है। ट्रंप ने कहा कि यह संभावित बैठक चीन में होगी और यह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर निर्भर करेगी।
इसके साथ ही ट्रंप ने बताया कि इस दौरान वह जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मिलेंगे। इन बैठकों में यूक्रेन में जारी रूस के युद्ध, परमाणु अप्रसार और ईरान से जुड़े मुद्दों जैसे वैश्विक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।









