न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों पर एफएसएसएआई का शिकंजा, छह कंपनियों में मिली गंभीर गड़बड़ियां

0
13

नई दिल्ली: सेहत सुधारने और शरीर को पोषण देने के नाम पर बाजार में बेचे जा रहे न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नियमों को ताक पर रखकर उत्पाद बनाने वाली छह कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का शिकंजा कस दिया है। जांच के दौरान कहीं विटामिन और खनिजों की निर्धारित मात्रा से अधिक खुराक मिली, तो कहीं प्रतिबंधित सामग्री, एक्सपायरी कच्चे माल और भ्रामक स्वास्थ्य दावों का खेल सामने आया।

छह कंपनियां जांच के घेरे में, खुलीं गंभीर अनियमितताएं

प्राधिकरण की कार्रवाई में एयरन हर्बल्स, एक्वाब्लिस लाइफसाइंसेज, रस्कम हेल्थकेयर, सुपरक्योर बायोटेक, अम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर और वेदांत रेमेडीज में अलग-अलग स्तर की अनियमितताएं सामने आई हैं। गंभीर खामियों को देखते हुए कुछ कंपनियों के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित करने सहित नियामक कार्रवाई की गई है।

एयरन हर्बल्स: पोषक तत्वों की मात्रा में खेल

एयरन हर्बल्स के दो उत्पाद जांच के घेरे में आए। कंपनी के लाइकोवे सिरप में थायमिन, विटामिन ई, तांबा, सेलेनियम और जिंक की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। वहीं, मैक्सफोर्ड नी रिलीफ में घुटनों के दर्द से राहत दिलाने के भ्रामक दावे और तस्वीरों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इस उत्पाद में भी थायमिन की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली। इसके अलावा, उत्पाद में इस्तेमाल की गई हर्बल सामग्री का पूरा विवरण नियमानुसार नहीं दिया गया था।

एक्वाब्लिस: एक्सपायरी सामग्री से उत्पादन

एक्वाब्लिस लाइफसाइंसेज की निर्माण इकाई में जांच के दौरान एक्सपायरी हो चुके कच्चे माल का इस्तेमाल पाया गया। इतना ही नहीं, फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य उत्पादों के निर्माण में इस तरह की लापरवाही को गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन माना गया है।

रस्कम हेल्थकेयर: बिना मंजूरी शिलाजीत का इस्तेमाल

रस्कम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के उत्पाद में शिलाजीत नामक ऐसे घटक का इस्तेमाल पाया गया, जिसकी संबंधित उत्पाद में उपयोग की अनुमति नहीं थी। जांच में जरूरी अभिलेखों और दस्तावेजों का उचित रखरखाव नहीं किए जाने की खामी भी उजागर हुई।

सुपरक्योर बायोटेक: कैप्सूल की गुणवत्ता पर सवाल

सुपरक्योर बायोटेक की जांच में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। कंपनी के जेमकोलिन 9जी कैप्सूल में बायोटिन की मात्रा 100 माइक्रोग्राम पाई गई, जबकि इसकी अधिकतम निर्धारित सीमा 40 माइक्रोग्राम है। वहीं, विटामिन ई कैप्सूल के नाम पर गेहूं के तेल का इस्तेमाल किए जाने से उत्पाद का नाम भ्रामक पाया गया। खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए गए कुछ योजकों की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई थी। कंपनी के सुपरबायोटिक कैप्सूल में ऐसे जीवाणु पाए गए, जिनके इस्तेमाल की अनुमति नहीं है और जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

अम्बिको आयुर्वेदिक: एक्सपायरी कच्चे माल से खिलवाड़

अम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर की निर्माण इकाई में न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद तैयार करने के लिए एक्सपायरी हो चुके कच्चे माल और सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया। फैक्ट्री में स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति भी खराब पाई गई। यह लापरवाही सीधे तौर पर उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

वेदांत रेमेडीज: फ्लेवरिंग निर्माण में भी लापरवाही

वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड की इकाई में कृत्रिम इलायची और स्ट्रॉबेरी स्वाद तैयार करने के लिए एक्सपायरी हो चुकी सामग्री का इस्तेमाल किया गया। जांच में फैक्ट्री के रखरखाव और साफ-सफाई में कमी के साथ उत्पादन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं तथा परीक्षण व्यवस्था में भी खामियां पाई गईं।

अब नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं

एफएसएसएआई ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वाली कंपनियों को बख्शा नहीं जाएगा। निर्माण इकाइयों में स्वच्छता की कमी, एक्सपायरी सामग्री का इस्तेमाल, पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा का उल्लंघन और भ्रामक दावों के खिलाफ सख्त नियामक कदम उठाए जाएंगे।यह कार्रवाई उन कंपनियों के लिए कड़ा संदेश है, जो स्वास्थ्य और पोषण के नाम पर बाजार में उत्पाद उतारकर उपभोक्ताओं की सुरक्षा से समझौता करती हैं। अब निगरानी का शिकंजा कसने के साथ यह सवाल भी अहम हो गया है कि सेहत बनाने के नाम पर बिक रहे उत्पादों की असल गुणवत्ता की जिम्मेदारी कौन निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here