मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर के खादर क्षेत्र में विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा करने के आरोप में भोपा पुलिस ने हथियारबंद 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन गाड़ियों में सवार होकर गंगाघाट के पास पहुंचे थे और उन सभी के पास घातक हथियार थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने तीन गाड़ियों से छह तमंचे, एक पिस्टल, दो राइफल, एक दोनाली बंदूक, कारतूस, तलवार और नौ लकड़ी के डंडे बरामद किए हैं।
सूचना पर की गई कार्रवाई का ब्योरा
पुलिस लाइन सभागार में सोमवार दोपहर SP देहात महादिक अक्षय संजय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 15 नवंबर को भोपा पुलिस की टीम शुकताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गंगाघाट के पास तीन गाड़ियों में 20 से 25 लोग सवार होकर आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं और वे किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद तीन गाड़ियां आती दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनमें सवार लोग नीचे उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हथियार और वाहन
SP देहात के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के छह तमंचे, पांच जिंदा कारतूस के साथ एक .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस के साथ .22 बोर की एक पौनिया राइफल, 12 बोर की फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक के साथ 20 कारतूस तथा 315 बोर की फैक्ट्री मेड राइफल के साथ 18 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक तलवार मय म्यान और नौ लकड़ी के डंडे भी मिले। पुलिस ने मौके से तीन वाहन भी जब्त किए हैं। इनमें HR 30 AE 6839 नंबर की स्कॉर्पियो-N, UK 07 HQ 7881 नंबर की स्कॉर्पियो क्लासिक और UK 07 HJ 5877 नंबर की थार शामिल हैं।
संगठित अवैध कब्जे का मकसद और आगे की कार्रवाई
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में संगठित रूप से काम करने की बात बताई। जिन जमीनों के स्वामित्व या कब्जे को लेकर विवाद होता था, वहां एकजुट होकर कब्जा करने और अपने पक्ष में कब्जा बनाए रखने की कोशिश की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, विरोध की स्थिति में दबाव बनाने और धमकाने के लिए आरोपी हथियार लेकर पहुंचते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह भी शामिल है, जिसे हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। SP देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि सभी गाड़ियों और हथियारों को जब्त करते हुए पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
Reported by: Rohit











