नई दिल्ली: नशे के काले कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़ी कानूनी कामयाबी हासिल की है। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 16.470 किलोग्राम चरस के साथ पकड़े गए आरोपी को अदालत ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
चरस की बरामदगी और गिरफ्तारी
एनसीबी के चंडीगढ़ क्षेत्रीय इकाई की कार्रवाई में यह मामला सामने आया था। विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर एनसीबी की टीम ने लुधियाना स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर एक टाटा 407 टेंपो को रोककर तलाशी ली। वाहन के पिछले हिस्से में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई 16.470 किलोग्राम चरस बरामद हुई। मौके से वाहन चालक कयूम खान उर्फ क्यूम खान, निवासी जिला चंबा, हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। जब्त मादक पदार्थ की जांच नई दिल्ली स्थित केंद्रीय राजस्व नियंत्रण प्रयोगशाला ने की, जिसमें उसके चरस होने की पुष्टि हुई।
अदालत का फैसला
12 नवंबर 2026 को लुधियाना की विशेष अदालत में न्यायाधीश रंजीव कुमार विशिष्ट ने आरोपी को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत दोषी करार दिया। अदालत ने तस्करी में इस्तेमाल टाटा 407 वाहन को भी अधिनियम की धारा 60 के तहत जब्त करने का आदेश दिया।
अभियान जारी रखने का संकल्प
एनसीबी चंडीगढ़ क्षेत्रीय इकाई ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार की सूचना राष्ट्रीय मादक पदार्थ हेल्पलाइन 1933 (मानस) पर दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Reported By: Pankaj Rai












