शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को बंदर की एक हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया। डीसी ऑफिस परिसर में बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति के हाथ से बंदर 81,800 रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद उसने बैग से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते व्यक्ति की मेहनत की कमाई जमीन पर बिखर गई। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित घबरा गया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगने लगा।
जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति बैंक में जमा कराने के लिए 81,800 रुपये लेकर जा रहा था। इसी दौरान बंदर ने उसके हाथ से बैग झपट लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बंदर पेड़ पर जा बैठा। ऊपर पहुंचकर उसने बैग से एक-एक करके नोट निकालने शुरू कर दिए। नीचे खड़े लोग यह नजारा देखते रह गए।अपनी रकम को इस तरह बिखरते देख व्यक्ति ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों और डीसी ऑफिस के कर्मचारियों से मदद मांगी। सभी ने मिलकर जमीन पर गिरे नोट इकट्ठा करने शुरू किए। इस बीच पीड़ित बंदर से बैग वापस लेने की कोशिश करता रहा, लेकिन बंदर ने उसे नहीं छोड़ा। वह लगातार नोट नीचे फेंकता रहा। लोगों की मदद से काफी रकम तो जुटा ली गई, लेकिन बैग वापस नहीं मिल पाया।
करीब 1,500 रुपये का हुआ नुकसान
पीड़ित व्यक्ति के अनुसार, आसपास के लोगों की मदद से ज्यादातर पैसे वापस मिल गए, लेकिन पूरी रकम नहीं बचाई जा सकी। करीब 1,500 रुपये नहीं मिल पाए। इसके अलावा बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर खराब कर दिए। इस तरह बैग में रखी रकम का कुछ हिस्सा खो गया और कुछ नोट इस्तेमाल के लायक नहीं रहे। बैंक में जमा कराने के लिए निकली रकम के साथ हुई इस घटना ने व्यक्ति को काफी परेशान कर दिया।
शिमला में बंदरों का बढ़ता आतंक
शिमला में बंदरों का उत्पात स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। अक्सर बंदर लोगों के हाथ से खाने-पीने की चीजें छीन लेते हैं। कई बार उनके सामान पर भी झपट्टा मार देते हैं। लेकिन डीसी ऑफिस जैसे सरकारी परिसर में नकदी से भरा बैग छीनने की इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब तक बंदरों की शरारतों से खाने-पीने का सामान छिनने की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सीधे पैसों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बंदरों से होने वाली परेशानी को चर्चा में ला दिया है।












